Wednesday, September 24

कोरोना देश में:पिछले महीने हफ्ते में औसतन 97 मौतें हो रही थीं, अब साढ़े चार गुना बढ़ोतरी के साथ आंकड़ा 490 हुआ

देश में कोरोना का बढ़ता ग्राफ डरा रहा है। रोजाना आने वाले संक्रमितों के साथ मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। 4 अप्रैल को एक लाख से ज्यादा नए केस आने के बाद सोमवार को करीब 97 हजार लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इस दौरान 400 से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई।

पिछले एक महीने में हफ्ते में हुई औसतन मौतों की बात करें, तो 8 मार्च को देश में औसतन 97 मौतें दर्ज की गई थीं। यह आंकड़ा 5 अप्रैल को बढ़कर 490 तक पहुंच गया। यानी हफ्ते में होने वाली औसतन मौतों में चार गुना से भी ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दिल्ली में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू
कोरोना के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। यहां की केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में 30 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इस दौरान दिल्ली में किसी भी तरह की गतिविधि पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही आवाजाही पर भी पाबंदी रहेगी। दिल्‍ली सरकार का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। हालांकि इस दौरान जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को राहत दी जाएगी। दिल्ली में बीते 4 दिनों से 3500 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं और पॉजिटिविटी रेट भी 5.5% से ऊपर पहुंच गया है, जिसे ध्यान में रखते हुए ये फैसला किया गया है।

बीते दिन 96 हजार से ज्यादा केस आए
बीते 24 घंटे में 96,563 नए मरीज मिले, 50,095 ठीक हुए और 445 ने जान गंवाई। इसके साथ ही एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 7.84 लाख हो गई है। इनमें बीते छह दिन से 30,000 से ज्यादा की बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में अनुमान है कि आज यह 8 लाख के पार हो सकता है।

अब तक 1.27 करोड़ संक्रमित
देश में अब तक करीब 1.27 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.17 करोड़ ठीक हुए हैं और 1.65 लाख ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • गुजरात हाईकोर्ट ने राज्य में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच टिप्पणी की है कि राज्य में लॉकडाउन की जरूरत है और इसे लेकर जल्द से जल्द फैसला लेना चाहिए। कोर्ट ने राज्य सरकार को जल्द से जल्द वीकेंड कर्फ्यू पर फैसला लेने के निर्देश दिए हैं।
  • देश में मंगलवार सुबह 8 बजे तक कोरोना वैक्सीन के 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 डोज लगाए जा चुके है। इसमें पिछले 24 घंटे के 43 लाख से ज्यादा डोज भी शामिल हैं।
  • कोरोना के मामलों में तेज बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और पंजाब में 50 हाई लेवल हेल्थ टीम भेजी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हाई लेवल मीटिंग में इसके निर्देश दिए थे।
  • राज्यों में कोरोना की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अप्रैल की शाम साढ़े 6 बजे मुख्यमंत्रियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग करेंगे। इस दौरान कोरोना के हालात की समीक्षा की जाएगी।
  • राजस्थान में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने जोधपुर में 6 से 19 अप्रैल तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है।
  • बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर और एक्टर विक्की कौशन भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।