Monday, September 22

वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड:पिछले 24 घंटों में देश में 36.7 लाख लोगों को कोरोना का टीका लगा, अब तक सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन महाराष्ट्र में

देश में शुक्रवार को वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बना। बीते 24 घंटों में देश भर में 36 लाख से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। एक दिन में वैक्सीनेशन की यह सबसे बड़ी संख्या है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 76 दिन से चल रही वैक्सीनेशन ड्राइव में एक अप्रैल को 36.71 लाख लोगों वैक्सीन दी गई। इनमें से 33.65 लाख को पहला और 3.05 लाख लोगों को दूसरा डोज दिया गया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अब तक लगाई गईं वैक्सीन में 59.58% 8 राज्यों में लगाई गई हैं। इसमें भी सिर्फ महाराष्ट्र की हिस्सेदारी 9.48 % है। यहां 65 लाख से ज्यादा डोज लगाए जा चुके हैं।
इस बीच 8 राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, पंजाब, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश ने कोरोना के नए मामलों में तेजी आई है। देश में मिल रहे संक्रमितों में से 81% नए केस यहीं सामने आए हैं।
वैक्सीनेशन का लेखा-जोखा
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सुबह 7 बजे तक मिले डेटा के मुताबिक, अब तक देश में 6.88 करोड़ से ज्यादा डोज दिए जा चुके हैं। इनमें से 83.06 लाख हेल्थकेयर वर्कर्स को पहला और 52.84 लाख को दूसरा डोज लगाया जा चुका है। वहीं, 93.53 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स को पहला और 40.97 लाख को दूसरा डोज दिया जा चुका है।

45 साल से ज्यादा उम्र के 97.83 लाख लोगों को पहला और 39 हजार को दूसरा डोज दिया गया है। 60 साल से ज्यादा उम्र के 3.17 करोड़ बुजुर्गों को पहला और 2.18 लाख लोगों को दूसरा डोज दिया है।

60% से ज्यादा केस अकेले महाराष्ट्र में
पिछले 24 घंटों में देश में 81,466 नए मामले दर्ज किए गए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 43,183, छत्तीसगढ़ में 4,617 और कर्नाटक में 4,234 नए मामले सामने आए हैं। देश में कुल एक्टिव मरीज 6.14 लाख तक पहुंच गए हैं। इसमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और पंजाब की हिस्सेदारी करीब 78% है। देश के कुल केस के लगभग 60% अकेले महाराष्ट्र में है।

पिछले 24 घंटों में देश में 469 मौतें हुईं हैं। इनमें 83% 6 राज्यों में हुईं। महाराष्ट्र में यह संख्या सबसे ज्यादा 249 रही। ओडिशा, लद्दाख, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, लक्षद्वीप, मेघालय, मिजोरम, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश ने पिछले 24 घंटों में एक भी मौत नहीं हुई है।

बड़े देशों में अमेरिका सबसे आगे
वैक्सीनेशन के मामले में बड़े देशों में अमेरिका सबसे आगे है। यहां लगभग 10 करोड़ लोगों को कम से कम पहला डोज दिया जा चुका है। इनमें से 5.6 करोड़ को दूसरा डोज भी दिया जा चुका है। अमेरिका में सिंगल डोज वाली जॉनसन एंड जॉनसन और दो डोज वाली फाइजर-बायोएनटेक और मॉडर्ना की वैक्सीन लगाई जा रही है।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, यहां औसतन हर रोज 29 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। 13 मार्च को एक दिन में सबसे ज्यादा 45.75 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी।