
देश में बीते 24 घंटे में 53,125 नए केस आए, 41,217 मरीज ठीक हुए और 355 की मौत हो गई। मौत का यह आंकड़ा बीते 104 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 16 दिसंबर को 356 लोगों की मौत हुई थी। मंगलवार को अकेले महाराष्ट्र में ही 139 लोगों की मौत हुई। राज्य में यह लगातार छठा दिन था जब 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई।
देश में अब तक करीब 1.21 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब 1.14 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.62 लाख ने जान गंवाई है, 5.49 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- 1 अप्रैल से 45 साल के ऊपर वाले सभी लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। इसके तहत वैक्सीन लेने के लिए लोग CoWIN पोर्टल पर 1 अप्रैल यानी गुरुवार से दोपहर 3 बजे के बाद रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसके बाद वे सरकारी या निजी किसी भी अस्पताल में जाकर वैक्सीन ले सकेंगे।
- केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरनाक ब्रिटेन और ब्राजीलियन वैरिएंट के खिलाफ कोवैक्सीन और कोविशील्ड टीका प्रभावी है। दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट को लेकर रिसर्च जारी है। इसके रिजल्ट जल्द सामने होंगे।
- केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि अब तक भारत में 807 UK वैरिएंट, 47 दक्षिण अफ्रीकी वैरिएंट और 1 ब्राजीलियन वैरिएंट के केस मिले हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि देशभर में 10 जिलों में एक्टिव केस सबसे ज्यादा हैं। इनमें पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे, नासिक, औरंगाबाद, बेंगलुरु, नांदेड़, दिल्ली और अहमदनगर शामिल हैं।
- महाकुंभ में 1 अप्रैल से 12 राज्यों के श्रद्धालुओं को RT-PCR निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दी गई है। यह रिपोर्ट 72 घंटे से पुरानी नहीं होनी चाहिए। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान शामिल हैं।