
मुरवास सरपंच आशा बाई के पति संतराम धौलपुरिया की वन माफिया द्वारा 18 मार्च को मौत के बाद वन विकास निगम के अधिकारियों और वन माफिया की मिलीभगत की परतें खुल रही हैं। इस दौरान वन माफिया फकीर मोहम्मद और निगम के एसडीओ धर्मेंद्र भदौरिया और रेंजर एसके दुबे पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। वहीं आरोपों से घिरने के बाद वन विकास निगम ने शनिवार को दूसरे दिन लटेरी वन क्षेत्र के इस्लामनगर, सगड़ा और रतनगढ़ में शनिवार को 32 मकान तोड़े गए। वहीं कई जगह खेतों की फसल नष्ट कराई गई। करीब 35 हेक्टेयर जमीन से अतिक्रमण भी हटाया गया। जिलेभर में कई संगठनों ने ज्ञापन भी दिया।
11609 हेक्टे. में लगाने थे पौधे, कागजों में लगे
जानकारी के अनुसार 2006-07 में वन विभाग ने राज्य वन विकास निगम लिमिटेड भोपाल को पौधरोपण के लिए परिक्षेत्र उत्तर एवं दक्षिण लटेरी में 11609 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई थी। इसके बाद साल 2007 से 2018 के बीच 1 करोड़ 36 लाख 37 हजार पौधे लगाए। यह काम निगम के अफसरों ने कागजों में ही पूरा किया। हकीकत यह है कि मौके पर 10 लाख पौधे भी नहीं है। यह बात निगम के अफसर भी स्वीकार करते हैं कि जितने पौधे लगाए गए उतने मौके पर नहीं है। लटेरी क्षेत्र के आलमपुर, रतनगढ़, शहरखेड़ा बीट और बलरामपुर, इस्लामनगर के आसपास वन माफिया ने पौधे उखाड़कर जमीन पर कब्जा कर लिया।
अफसरों से हो वसूली
विधायक उमाकांत शर्मा का आरोप है कि 2007 से 2019 के बीच 1 करोड़ 36 लाख पौधे लगाए गए। यदि पौधे होते तो मौके पर दिखते और पर्यावरण के साथ ही राजस्व की प्राप्ति होती । इसलिए अफसरों के वेतन से इसकी वसूली कराई जाना चाहिए।
पौधों की गणना करेंगे
वन विकास निगम के डिवीजनल मैनेजर आदर्श श्रीवास्तव का कहना है कि अब लगातार कार्रवाई करेंगे। पौधों की गणना कराकर मानीटरिंग करेंगे। निगम अधिकारी दोषी मिलेंगे, तो उन पर भी कार्रवाई होगी। एसडीओ धर्मेंद्र भदौरिया का कहना है कि 35 हेक्टे. जमीन से कब्जा हटाया गया है।
सीएम ने दी सांत्वना
संतराम की हत्या के मामले में शनिवार को उनके बेटे विशाल और भाई विनोद वाल्मीकि के साथ सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा, शमशाबाद विधायक राजश्री सिंह, बासौदा विधायक लीना जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जादौन, जिपं अध्यक्ष तोरण सिंह और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। विधायक शर्मा ने 13 बिंदुओं की शिकायतों का ज्ञापन देकर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। सीएम ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।