
देश में कोरोना के मरीजों में तेज बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। मंगलवार को 16,846 नए मरीजों की पहचान हुई। 20,138 ठीक हो गए, जबकि 113 संक्रमितों ने जान गंवाई। ठीक होने वाले 20,000 मरीजों में सबसे ज्यादा 12,138 महाराष्ट्र के और इसके बाद 4,386 केरल के हैं। यह लगातार दूसरा दिन था जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक हुए।
एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 3,411 की कमी आई। अब कुल 1.81 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक कुल 1.12 करोड़ लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1.09 करोड़ ठीक हुए हैं, जबकि 1.58 लाख ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- बेंगलुरु में 103 साल की जे कामेश्वरी को कोरोना वैक्सीन लगाई गईं। अब तक उपलब्ध डेटा के मुताबिक वे देश की सबसे बुजुर्ग महिला हैं, जिन्हें वैक्सीन लगाई गई है।
- अरुणाचल प्रदेश में बीते 3 दिनों से कोरोना का एक भी केस नहीं आया है। यहां अभी सिर्फ 3 मरीजों का इलाज चल रहा है। कुल 16,839 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 56 की मौत हुई है।
- डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन लगवाने के बाद प्लेन के पायलट और केबिन क्रू मेंबर 48 घंटे तक सर्विस पर नहीं जा पाएंगे। अगर 48 घंटे के बाद भी कोई लक्षण नहीं हैं, तो एयर क्रू उड़ान के लिए फिट हैं।
- यूपी सरकार ने 8वीं क्लास तक के बच्चों को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षा में एडमिशन देने का फैसला लिया है। इसके लिए उनका पूरे सेशन में किया गया प्रदर्शन देखा जाएगा। 2020 में भी 8वीं तक के स्टूडेंट्स को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा में प्रवेश दिया गया था।
- कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से नासिक में वीकेंड में लॉकडाउन रहेगा। जिले में 15 मार्च के बाद से शादी कार्यक्रमों को अनुमति नहीं दी जाएगी। नासिक में पिछले 8 दिनों में 3,725 कोरोना के नए मामले मिल चुके हैं। वहीं, ठाणे के 11 हॉटस्पॉट में 13 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन लगा दिया गया है।