
देश में बीते 24 घंटों में 15,353 कोरोना के नए संक्रमित मिले और 16,606 ठीक हो गए। यह इस महीने दूसरा मौका था, जब रोजाना के संक्रमितों से ज्यादा ठीक हो गए। इससे पहले ऐसा 1 मार्च को हुआ था। सोमवार को 76 संक्रमितों ने जान गंवाई और एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1,331 की कमी आई।
देश में अब तक 1.07 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आए हैं। इनमें से 1.08 करोड़ ठीक हो चुके हैं। करीब 1.58 लाख लोगों ने जान गंवाई है, जबकि 1.84 लाख लोगों का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
महाराष्ट्र के बजट सत्र में शामिल 36 लोग संक्रमित
महाराष्ट्र में सोमवार को पेश होने वाले बजट से पहले बजट सत्र में शामिल 36 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें ज्यादातर विधानसभा के कर्मचारी हैं। मुंबई के जेजे अस्पताल के मुताबिक, बजट सत्र को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में 6 और 7 मार्च को 2,746 सैंपल्स लिए गए थे, जिनमें 36 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 1 मार्च को महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत हुई थी।