Saturday, November 8

गुजरात लोकल बॉडी इलेक्शन LIVE:अहमदाबाद में औवेसी की पार्टी को 4 सीटों पर बढ़तच; राजकोट में भाजपा की पहली जीत, 105 सीट पर आगे

गुजरात में 6 महानगर पालिका चुनावों में मतगणना जारी है। राजकोट में भाजपा को एक सीट पर जीत मिल गई है। फिलहाल भाजपा 105 और कांग्रेस 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। अहमदाबाद में असदुद्दीन ओवैसी के 4 उम्मीदवारों को बढ़त है। अहमदाबाद समेत 6 महानगर पालिका की कुल 576 सीटों पर 21 फरवरी को वोट डाले गए थे। 2,276 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

इन महानगरों में हुए थे चुनाव
गुजरात में 6 महानगरों अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, जामनगर, भावनगर और राजकोट में वोटिंग हुई थी। काउंटिंग में कोरोना गाइडलाइन का ध्यान रखा गया है। रोचक बात यह भी है कि अहमदाबाद की नारायणपुरा सीट पर महिला उम्मीदवार बिंद्रा सूरती के सामने कोई उम्मीदवार न होने की वजह से भाजपा यह सीट चुनाव पूरे होने से पहले ही जीत चुकी है। उधर, असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने भी पहली बार अहमदाबाद के 6 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं।

चुनाव प्रचार में स्टार प्रचारकों का जलवा
भाजपा और कांग्रेस ने इस चुनाव को आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए ज्यादा अहमियत दी है। गृहमंत्री अमित शाह भी अपने पूरे परिवार के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे थे। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के अलावा केंद्रीय मंत्रियों ने भी चुनाव प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ी थी।

किस पार्टी से कितने प्रत्याशी?
6 नगर निगम में कुल 2,276 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

  • भाजपा- 577
  • कांग्रेस- 566
  • आप- 470
  • राकांपा- 91
  • अन्य पार्टियां- 353
  • निर्दलीय- 228

पिछले साल दिसंबर में ही पूरा हो गया था कार्यकाल
गांधीनगर और जूनागढ़ को छोड़कर इन छह नगर निगमों का कार्यकाल पिछले साल दिसंबर में ही पूरा हो गया था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से चुनाव नहीं हो पाए थे। जिस वजह से निगम सरकार को भंग कर दिया गया था और म्युनिसिपल कमिश्नर ने सत्ता अपने हाथ में ले ली थी।
जिला-तालुका पंचायतों में भी होने हैं चुनाव
अगले रविवार यानी 28 फरवरी को 31 जिला, 231 तालुका पंचायत और 81 नगर पालिकाओं में चुनाव होंगे।