
देश के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 188 जिले ऐसे हैं, जहां पिछले 7 दिनों से संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। 76 ऐसे जिले हैं, जहां पिछले 28 दिन से कोई भी संक्रमित नहीं मिला है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि देश में कोरोना मरीजों के मिलने की रफ्तार में काफी कमी आई है। भारत में रिकवरी रेट 97.29% हो गया है, जबकि मृत्यु दर घटकर 1.43% रह गया है।
अब तक 85 लाख लोगों को वैक्सीन लगाई गई
देश में अब तक 85 लाख 16 हजार 385 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 97 हजार 732 लोग ऐसे हैं, जिन्हें वैक्सीन की दूसरी डोज भी दी जा चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक, इनमें 61 लाख हेल्थ केयर वर्कर्स और 23 लाख फ्रंट लाइन वर्कर्स शामिल हैं। इनमें 35 लोगों को वैक्सीन लगने के बाद हॉस्पिटल में एडमिट करना पड़ा। 21 लोगों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। 3 का इलाज चल रहा है। वैक्सीनेशन के 31 दिनों के दौरान 11 मौतें हुई हैं।
सोमवार को 8 हजार नए मरीज मिले
तीन दिन लगातार एक्टिव केस बढ़ने के बाद सोमवार को राहत भरे आंकड़े देखने को मिले। पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 8,864 नए कोरोना संक्रमित मिले। 11 हजार 576 लोग रिकवर हुए और 72 की मौत हो गई। अब तक 1 करोड़ 9 लाख 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं। 1 लाख 55 हजार 840 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 1 लाख 34 हजार 33 मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
कोरोना अपडेट्स
- गुजरात के 4 बड़े शहरों अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट और सूरत में 28 फरवरी तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। यहां पहले 15 फरवरी तक रात 11 से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया था। इसमें एक घंटे की छूट दी गई है। अब इसका समय रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा।
- गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी। एक दिन पहले यानी रविवार को ही रूपाणी वडोदरा में चुनावी सभा में भाषण देते वक्त बेहोश होकर गिर पड़े थे। इसके बाद उनका टेस्ट कराया, जिसमें वह संक्रमित पाए गए।