
दुनियाभर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10 करोड़ के पार हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर दुनियाभर में 4.40 लाख से ज्यादा नए मरीज बढ़े और 9430 लोगों की मौत हो गई। अब तक 10 करोड़ 2 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7 करोड़ 22 लाख 67 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 21 लाख 48 हजार 483 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 2 करोड़ 58 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इनमें 1.10 लाख मरीजों की हालत गंभीर है। मतलब ये लोग ICU में हैं।
अमेरिका में 32 लाख लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई
दुनियाभर में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया काफी तेज हो गई है। इस मामले में भी अमेरिका दुनिया में पहले नंबर पर है। यहां अब तक 1 करोड़ 85 लाख 21 हजार से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इनमें 32 लाख 16 हजार लोग ऐसे हैं जिन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है।
UK इस मामले में दूसरे नंबर पर है। यहां अब तक 63 लाख 53 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है, जबकि इनमें 4 लाख 69 हजार लोग ऐसे हैं जिन्हें दोनों डोज दी जा चुकी है। भारत में 16 जनवरी से दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू हुआ है। अब तक देश में 16 लाख 15 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई है।
नीदरलैंड में लगातार तीन दिनों से बवाल
नीदरलैंड में लगातार तीसरे दिन भी जमकर बवाल हुआ। यहां लगभग 10 शहरों में दंगा के हालात बने हुए हैं। लोग पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। आगजनी के कई मामले सामने आ चुके हैं। ये सभी लोग कोरोना संक्रमण के कारण लागू कर्फ्यू का विरोध कर रहे हैं। अब तक 150 से ज्यादा लोग इस मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। प्रधानमंत्री मार्क रूट ने इसकी निंदा की है।
कोरोना अपडेट्स
- ब्रिटेन में लॉकडाउन को 17 जुलाई तक बढ़ा दिया है। सरकार ने क्वारैंटाइन नियमों में भी बदलाव किया है। इसके मुताबिक ज्यादा खतरे वाले देशों से आने वाले यात्रियों को 10 दिनों तक क्वारैंटाइन किया जाएगा। आज इस मसले पर कैबिनेट की बैठक होगी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी इसी तरह का नियम बनाया है। नए वैरिएंट के बढ़ते खतरे के बीच यहां अब तक 36,47,463 केस मिल चुके हैं।
- पाकिस्तान ने रूस की स्पूतनिक V वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दे दी है। स्पूतनिक V पाकिस्तान में अप्रूवल पाने वाली तीसरी वैक्सीन है। एक लोकल फार्मा कंपनी को इसके इंपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए कहा गया है। पिछले हफ्ते पाकिस्तान में ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका और चीनी कंपनी सिनोफार्म की वैक्सीन को अप्रूवल मिला था।
- मैक्सिको के राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुअल लोपेज ओब्रेडोर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें इसके हल्के लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
- ऑस्ट्रेलिया ने फाइजर की वैक्सीन को इमरजेंसी अप्रूवल दे दिया है। यह मंजूरी हासिल करने वाली पहली वैक्सीन है। यहां फरवरी के आखिर तक वैक्सीनेशन शुरू होने की उम्मीद है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 25,861,597 | 431,392 | 15,617,360 |
भारत | 1,06,77,937 | 1,53,626 | 1,03,45,661 |
ब्राजील | 8,872,964 | 217,712 | 7,709,602 |
रूस | 3,738,690 | 69,918 | 3,150,763 |
UK | 3,669,658 | 98,531 | 1,648,218 |
फ्रांस | 3,057,857 | 73,494 | 217,708 |
स्पेन | 2,697,294 | 56,208 | N/A |
इटली | 2,475,372 | 85,881 | 1,897,861 |
तुर्की | 2,435,247 | 25,210 | 2,314,403 |
जर्मनी | 2,154,656 | 53,402 | 1,844,000 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)