Wednesday, September 24

कोरोना दुनिया में:ब्रिटिश PM बोले- कोविड-19 का नया वैरिएंट ज्यादा खतरनाक, फ्रांस में संक्रमितों की संख्या 30 लाख हुई

  • दुनिया में अब तक 9.87 करोड़ से ज्यादा संक्रमित, 21.14 लाख मौतें हो चुकीं, 7.08 करोड़ स्वस्थ
  • अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 2.53 करोड़ से ज्यादा, अब तक 4.24 लाख लोगों ने गंवाई जान

दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 9.87 करोड़ के ज्यादा हो गया। 7 करोड़ 08 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 21 लाख 14 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने देश में मिले कोरोनावायरस के नए वैरिएंट को ज्यादा खतरनाक बताया है। उन्होंने आशंका जताई कि शायद मौतों का आंकड़ा बढ़ने की वजह यही वजह हो।

अब सतर्क रहना होगा
कोविड-19 का नया वैरिएंट पिछले महीने सबसे पहले ब्रिटेन में ही पाया गया था। प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस पर पहली बार बोले। शुक्रवार शाम जॉनसन ने कहा- हमें जानकारी मिली है कि नया वायरस बहुत तेजी से फैलता है। इसके बारे में कुछ सबूत भी हमें मिल चुके हैं। सबसे पहले इसका पता हमें लंदन में लगा था। हो सकता है कि इसकी वजह से मौतों का आंकड़ा बढ़ा हो।

ब्रिटेन सरकार के पूर्व चीफ साइंटिफिक एडवाइजर डॉक्टर पैट्रिक वॉलेस ने भी जॉनसन की बातों का समर्थन किया। उन्होंने कहा- हमारे सामने डाटा है और इसे नकारा नहीं जा सकता, लेकिन यह भी सही है कि अब भी कुछ बातों का जवाब मिलना बाकी है। 60 साल से ज्यादा की उम्र के लोगों को खतरा ज्यादा है। अगर इस उम्र के एक हजार लोग नए वैरिएंट से संक्रमित होते हैं तो 60 में मौत का खतरा है।

अमेरिका में 6 जनवरी की घटना भारी पड़ी
CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी संसद के बाहर और अंदर 6 जनवरी को डोनाल्ड ट्रम्प के समर्थकों की हिंसा के दौरान 6 पुलिस अफसर संक्रमित भी हुए। इसकी जानकारी कैपिटल हिल पुलिस ने ही दी है। पुलिस के मुताबिक, 6 जनवरी के बाद इस इलाके में 19 लोगों के संक्रमित होने की जानकारी मिली। इनमें से 6 पुलिस अफसर हैं। पुलिस के मुताबिक, हंगामा करने वाले लोग मास्क नहीं लगाए थे। बहुत मुमकिन है कि संक्रमण की एक बड़ी वजह यही रही हो। बता दें कि चार सांसदों के संक्रमित होने की पुष्टि पहले ही की जा चुकी है।

फ्रांस में मामले 30 लाख हुए
फ्रांस में संक्रमितों की संख्या शुक्रवार रात 30 लाख हो गई। नेशनल हेल्थ एजेंसी ने यह आंकड़ा जारी किया है। एजेंसी ने कहा- जब से महामारी शुरू हुई तब से अब तक कुल 30 लाख 11 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं। शुक्रवार को यह आंकड़ा तेजी से बढ़ा और इस दिन 23 हजार 292 केस दर्ज किए गए। इसी दौरान 649 लोगों की मौत भी हो गई। देश में अब तक 72 हजार से ज्यादा लोगों की जान इस महामारी में जा चुकी है। हेल्थ मिनिस्टर ओलिवर वेरेन ने कहा- हर दिन औसतन 20 हजार नए मामले सामने आ रहे हैं।

श्रीलंका में वैक्सीन को मंजूरी
श्रीलंका ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूवल दे दी है। देश की फार्मास्यूटिकल प्रोडक्शन और रेगुलेशन मिनिस्टर चन्ना जयसुमन ने बताया कि हमने ब्रिटिश वैक्सीन को मंजूरी देने का फैसला किया है। वहीं, कुछ अन्य वैक्सीन भी अभी पाइपलाइन में हैं। वैक्सीन को फरवरी के मध्य तक इम्पोर्ट किया जाएगा। यहां अब तक कोरोना के 56 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले मिल चुके हैं और 276 लोगों की मौत हुई है।

बाइडेन बोले- मौतों का आंकड़ा 6 लाख हो सकता है
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आशंका जताई है कि देश में मौतों का आंकड़ा 6 लाख से ज्यादा हो सकता है। उन्होंने कांग्रेस यानी संसद से उनके प्रस्तावित 1.9 ट्रिलियन डॉलर के राहत पैकेज को जल्द मंजूरी देने की भी अपील की। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बाइडेन ने कहा- हमारे सामने मुश्किल हालात हैं। आशंका है कि देश में मौतों का आंकड़ा 6 लाख के पार जा सकता है। मैं कांग्रेस से अपील करता हूं कि वे जल्द से जल्द अमेरिकन रेस्क्यू प्लान को मंजूरी दें ताकि हम चीजों को ठीक कर सकें। मुझे यह स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं कि अमेरिका में संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। हम इसे काबू करने की हर मुमकिन कोशिश करेंगे।

कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात

देशसंक्रमितमौतेंठीक हुए
अमेरिका25,390,042424,17715,222,719
भारत10,640,544153,22110,300,063
ब्राजील8,755,133215,2997,594,771
रूस3,677,35268,4123,081,536
UK3,583,90795,9811,600,622
फ्रांस2,987,96571,998214,538
स्पेन2,560,58755,041N/A
इटली2,428,22184,2021,827,451
तुर्की2,412,50524,6402,290,032
जर्मनी2,108,89551,1511,762,200

(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)