Wednesday, September 24

कोरोना देश में:14 राज्यों और UT में पॉजिटिविटी रेट नेशनल एवरेज 5.6% से भी ज्यादा; महाराष्ट्र-गोवा में यह आंकड़ा 12% के पार

देश में कोरोना के मामले लगातार कम हो रहे हैं। हालांकि, कुछ राज्यों में हालात अब भी पूरी तरह काबू में नहीं आए हैं। 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पॉजिटिविटी रेट नेशनल एवरेज 5.6% से काफी ज्यादा है। यानी देश में हर रोज हो रही टेस्टिंग में 100 में से 5 या 6 लोग ही संक्रमित मिल रहे हैं।

महाराष्ट्र और गोवा में मिल रहे नए मरीजों के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 12% से भी ज्यादा है। महाराष्ट्र में 100 में से 14, तो गोवा में 12 लोगों में संक्रमण मिल रहा है। पॉजिटिविटी रेट के मामले में चंडीगढ़ तीसरे नंबर पर है, यहां 100 में से 10 लोग कोरोना से संक्रमित मिल रहे।

देश में अब तक 1.06 करोड़ लोग संक्रमित
देश में शुक्रवार को 14,321 नए संक्रमित मिले। 17,166 मरीज ठीक हुए और 153 की मौत हो गई। देश में अब तक 1.06 करोड़ केस आ चुके हैं। इनमें से 1.03 करोड़ मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.53 लाख मरीजों ने जान गंवाई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • कर्नाटक में सभी एयरपोर्ट के कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर्स के तौर पर कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। राज्य सरकार ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
  • जम्मू में समर जोन के स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक की क्लासेस एक फरवरी से शुरू करने का फैसला किया गया है। वहीं, कक्षा 1 से 8 तक स्कूल 8 फरवरी से खोले जाएंगे। जम्मू-कश्मीर एडमिनिस्ट्रेशन के स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
  • ब्राजील ने कोरोना वैक्सीन भेजने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया है। ब्राजील के राष्ट्रपति जायर एम बोल्सनारो ने हनुमानजी की फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि हम भारत जैसा साथी पाकर सम्मान महसूस कर रहे हैं।
  • भारत ने कोरोना वैक्सीन कोवीशील्ड के 20 लाख डोज ब्राजील भेजे थे। इसकी पहली खेप शुक्रवार को ही ब्राजील पहुंची। हाल ही में ब्राजील ने एस्ट्राजेनेका-ऑक्सफोर्ड की वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूवल दिया था। भारत में कोवीशील्ड को भी एस्ट्राजेनेका-ऑक्सफोर्ड ने ही तैयार किया है। इसका उत्पादन सीरम इंस्टीट्यूट कर रहा है।