
भोपाल समेत पांच संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट
अरब सागर से लगातार नमी के आने के कारण मध्यप्रदेश के पूर्वी-पश्चिमी और पूर्वी इलाके में सोमवार को दिनभर कोहरा और हल्की बारिश होगी। भोपाल समेत पांच संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट भी है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि अभी बारिश के कारण जहां दिन में लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है, वहीं रात अपेक्षाकृत अब भी गर्म बनी हुई है।
भोपाल में आज भी दिन और रात के तापमान में महज 3 डिग्री का अंतर है। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5.4 डिग्री सेल्सियस कम 21.0 डिग्री पर आ गया, वहीं रात का सामान्य से 6.3 डिग्री ज्यादा 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने भोपाल के अलावा सीहोर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट समेत 5 संभागों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी-पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में ज्यादा असर
पूर्वी-पश्चिमी और पूर्वी मध्यप्रदेश में इसका ज्यादा असर है। बीते 24 घंटे में भोपाल के अलावा सागर, होशंगाबाद, दमोह, रायसेन, बैतूल, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा नरसिंहपुर और उमरिया में बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे ज्यादा मंडला में 6 मिमी बारिश हुई।
भोपाल में विजिबिलिटी 800 मीटर तक हो गई
भोपाल में सोमवार सुबह भी कोहरा रहा। यहां पर सुबह 8.30 बजे दृश्यता 800 मीटर तक रह गई थी। रविवार को इसके कारण भोपाल एयरपोर्ट पर दो फ्लाइट पर इसका असर भी रहा था। भोपाल में आज दिनभर इसी तरह हल्की बारिश और कोहरा रहेगा।
दिनभर मौसम इसी तरह बना रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर से लगातार नमी आ रही हैं। पहले इसके 12 दिसंबर तक कमजोर होने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। यहां से अब भी लगातार नमी आ रही हैं। इसी कारण कोहरा और बारिश हो रही है। आज दिनभर मौसम इसी तरह रहेगा। अब शाम के बाद ही मौसम के बारे में कुछ कहा जा सकेगा। अरब सागर से नमी आना बंद होने के बाद ही मौसम में बदलाव होगा और ठंड बढ़ेगी।
सिर्फ पचमढ़ी में गिर रहा तापमान
मध्यप्रदेश में अधिकांश जगह दिन के तापमान में गिरावट रही, लेकिन रात के तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है। लेकिन पचमढ़ी में रात का पारा लगातार गिर रहा है। यहां का तापमान 5 डिग्री के करीब है। रविवार रात यहां प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। इसके अलावा सभी जगह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ज्यादा रहा।
चार प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
भोपाल | 21.0 | 17.4 |
इंदौर | 22.3 | 17.2 |
ग्वालियर | 21.8 | 10.0 |
जबलपुर | 23.8 | 18.0 |