Tuesday, September 23

मध्यप्रदेश में फिर बदला मौसम:पचमढ़ी छोड़ सभी जगह रात का पारा चढ़ा; भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से ज्यादा

सागर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से ज्यादा रहा

मध्यप्रदेश में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सिर्फ पचमढ़ी में ही रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार-शुक्रवार की रात यह 6.8 डिग्री था, जो शुक्रवार-शनिवार की रात 6.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। राजधानी भोपाल और इंदौर में तो रात का तापमान 12 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जीडी मिश्रा ने बताया कि अभी रात के तापमान में दो दिन इसी तरह बढ़ोतरी होगी। इसके बाद हिमाचल से पश्चिमी विक्षोभ के निकलने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। यह 7 के बाद शुरू हो सकती है।

सिर्फ चार शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे

प्रदेश की बात करें तो सभी जगह तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सिर्फ चार शहरों में ही पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। इसमें पचमढ़ी में 6.6 डिग्री सेल्सियस, रायसेन में 8.6 डिग्री सेल्सियस, मंडला में 8.6 डिग्री सेल्सियस और छिंदवाड़ा में 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा सबसे गर्म रात सागर में रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक 16.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन का तापमान 31.4 डिग्री रहा। दिन में सबसे ज्यादा तापमान नौगांव में 32.5 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.3 डिग्री ज्यादा है।

चार प्रमुख शहरों का तापमान

प्रदेश के चार प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें, तो भोपाल में रात का पारा एक डिग्री चढ़कर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि ग्वालियर में सबसे कम 10.5 डिग्री तक रहा। हालांकि इंदौर में रात का तापमान चारों शहरों की तुलना में सबसे ज्यादा रहा। जबलपुर में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ।

शहरअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
भोपाल31.512.4
इंदौर31.213.8
ग्वालियर31.310.5
जबलपुर29.911.2