मध्य प्रदेश में साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ कैंद्रीय नेतृत्व ने भी कमर कस ली है। एक तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत प्रदेश भाजपा के लगभग सभी आला नेता एकाएक चुनावी सभाओं और रैलियों में जुटे हुए हैं तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी लेवल पर व्यवस्थाओं को मजबूती देने केंद्रीय नेतृत्व भी लगातार मार्गदर्शन कर रहा है। इसी के चलते अब एक बार फिर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 26 जुलाई को एक बार फिर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि, यहां वो संगठन के आला नेताओं की अहम बैठक लेंगे।
सोमवार सुबह से चल रही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे की चर्चा के बीच शाम होते होते दिल्ली से उनके मिनट-टू-मिनट कार्यक्रमों की लिस्ट भी जारी कर दी गई है। बता दें कि, जारी सूची के अनुसार, अमित शाह 26 जुलाई शाम 6 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे। भोपाल पहुंचने के बाद यहां देर रात भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के नेताओं की क्लास लेंगे। जानकारी के अनुसार, बैठक में दौरान अमित शाह प्रदेश की हारी हुई सीटों को लेकर खास रणनीति तैयार करेंगे।
चुनाव का फाइन खाका तैयार करने पर बनेगी रणनीति
अमित शाह के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अहम बैठक माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि, इस बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव का फाइनल खाका तैयार किया जाएगा। इसके बाद ही भाजपा नेताओं को अपनी अपनी जिम्मेदारी भी सौंपकर चुनावी मैदान में उतारा जाएगा।
जानें गृहमंत्री अमित शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
जारी सूची के अनुसार, अमित शाह 26 जुलाई शाम 6 बजे नई दिल्ली के कृष्णा मेनन सड़क मार्ग से टेक्निकल एरियल पालम से निकलेंगे। 7:40 पर वो भोपाल के राजाभोज विमानतल पर उतरेंगे। यहां करीब 8 बजे वो प्रदेश कार्यालय के लिए निकलेंगे। भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में वो 8 बजे से 11:30 के बीच बीजेपी नेताओं के साथ बैठक लेंगे। इसके बाद रात करीब 11.45 पर वो भोपाल के ताज होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। यहां से 27 जुलाई की सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर वो स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे। 10.45 पर भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और करीब 12 बजे वो दिल्ली पहुंच जाएंगे।