Sunday, September 28

एमपी जीतने का कर्नाटक फार्मूला, प्रियंका ने 5 गारंटी देते हुए कहा-वादा है, इसे मैं लागू करवाउंगी

जबलपुर. एमपी में आनेवाले विधानसभा चुनावों में जीत के लिए कांग्रेस कर्नाटक फार्मूले पर चलेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर में 5 गारंटी देकर अपने प्लान के साथ इरादे भी जाहिर कर दिए। प्रियंका ने यह भी कहा कि इन बातों पर अमल की जिम्मेदारी मेरी है, मेरा आपसे वादा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही इन घोषणाओं पर मैं अमल करवाउंगी।

प्रियंका गांधी ने गोल बाजार में जनसभा कर कांग्रेस का प्रचार अभियान शुरू किया। उन्होंने अपने संबोधन में राज्य की बीजेपी सरकार पर करारे प्रहार किए। प्रियंका गांधी ने हर हर नर्मदे, नर्मदा मैया की जय कहकर संबोधन प्रारंभ किया। उन्होंने कहा कि एमपी भारत का दिल है, जबलपुर संस्कारधानी है। इन्हीं संस्कारों के आधार पर हमारा भारत आगे बढ़ा है।

राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे नेता जो कहते थे वो करके दिखाते थे, सेवा सर्वोपरि होती थी लेकिन पिछले 18 सालों से आपका इस्तेमाल हो रहा है, शोषण हो रहा है। कई घोषणाएं की जाती हैं और पूरा नहीं किया जाता। पिछले चुनाव में हमारी सरकार बनी थी लेकिन धनबल से बीजेपी ने हमारी सरकार गिराकर सत्ता हथिया ली। एमपी में घोटाले हो रहे हैं, घोटालो की लंबी लिस्ट है। यहां बेरोजगारी बढ़ रही है। बीजेपी ने नर्मदा मैया को नहीं छोडा, महाकाल को भी नहीं छोडा। बीजेपी ने 225 घोटाले किए, हर महीने एक घोटाला किया।

प्रियंका ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को चुनाव के कारण लुभाया जा रहा है। ये योजना पहले क्यों शुरु नहीं की। प्रदेश में महंगाई ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता डबल इंजन की बात करते हैं, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, पेपर लीक हो जाते हैं। दलितों, आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं। देश में और प्रदेश सब कुछ गलत हो रहा है पर आपको बताया जा रहा है सब अच्छा चल रहा है। किसानों के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। 4 हजार करोड का घोटाला मुआवजा वितरण में किया।