Thursday, September 25

खेत में किसान पिता का हाथ बंटाते हुए होनहार बेटे ने ऐसे लिखी सफलता की कहानी

छतरपुर. गुरुवार को जारी हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल (mpbse) के 12वीं बोर्ड के रिजल्ट में छोटे जिलों के बच्चों ने माता-पिता के सपनों को पूरा करते हुए लंबी उड़ान भरी। तमाम चुनौतियों के बावजूद सफलता की नई कहानी लिखने वाले इन बच्चों में से एक हैं विकास द्विवेदी। छतरपुर जिले के लवकुशनगर के रहने वाले विकास ने साइंस समूह में पूरे प्रदेश में टॉप किया है। अपनी सफलता की इस कहानी को लिखने के लिए विकास ने तो मेहनत की ही साथ ही साथ उनके पिता का भी इसमें एक बड़ा योगदान रहा।

किसान के बेटे विकास ने लिखी सफलता की कहानी
लवकुशनगर के छठी बम्हौरी गांव के रहने वाले विकास द्विवेदी ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में साइंस समूह में 500 में 491 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में टॉप किया है। डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले विकास की इस सफलता पर उनके माता-पिता ही नहीं बल्कि पूरा गांव खुश है। छोटे से गांव का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। विकास के पिता देवेन्द्र कुमार द्विवेदी किसान हैं। खेती किसानी ही उनकी आय का मुख्य जरिया और इसी से परिवार की हर जरुरत पूरी होती है।

किसान का पसीना, बेटे की सफलता
साइंस समूह में 12वीं बोर्ड में प्रदेश में टॉप करने वाले विकास अपनी कामयाबी पर बेहद खुश हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व टीचर्स को दिया है। विकास के घर पर उनकी सफलता की बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। विकास के पिता देवेन्द्र द्विवेदी भी बेटे की सफलता से काफी खुश हैं। वो कहते हैं कि बेटे की सफलता ने उनका नाम रोशन कर दिया और जो मेहनत उन्होंने बेटे को पढ़ाने के लिए की उसे बेटे ने सफल कर दिया है। वहीं विकास भी पिता की मेहनत को भली भांति समझते हैं क्योंकि वो खुद खेत में पिता का वक्त वक्त पर हाथ बंटाते रहे हैं। विकास का कहना है कि पिता ने उनकी पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ी

सोशल मीडिया का सदुपयोग की दी सलाह
टॉपर विकास ने बताया कि वो घर पर रोजाना 4-5 घंटे पढ़ाई करते थे। फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बायलॉजी के साथ अंग्रेजी की कोचिंग की है। विकास का कहना है लवकुशनगर में वैसे तो इतनी सुविधाएं नहीं हैं लेकिन फिर भी स्कूल के टीचर्स ने उनका काफी सपोर्ट किया। सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर विकास कहते हैं सोशल मीडिया का यूज करना बुरी बात नहीं है लेकिन उसका सदुपयोग ज्ञान हासिल करने में करें। अपने वक्त का सही इस्तेमाल करते हुए डिसीप्लिन के साथ पढ़ाई करें सफलता जरुर मिलेगी। विकास का सपना डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करने का है।