विदिशा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज शुक्रवार को विदिशा में मेगा शो होने वाला है, इस भव्य आयोजन के दौरान वे एक क्लिक कर किसान सम्मान निधि और जनसेवा के हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। इस अवसर पर जहां प्रदेशभर के भाजपा नेता और कार्यकर्ता पहुंचेंगे, वहीं हजारों की संख्या में आमजन भी मौजूद रहेंगे, क्योंकि चुनावी साल होने के कारण हर किसी की निगाह उनके द्वारा की जानेवाली घोषणाओं पर टिकी रहेगी।
विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का विदिशा में आज 3 फरवरी को मेगा शो होने जा रहा है। विदिशा में अपने तरह का यह सबसे बड़ा सरकारी कार्यक्रम है। यह पहला मौका है जब विदिशा में शासन स्तर पर प्रदेश स्तरीय ऐसा आयोजन हो रहा है जिसमें प्रदेश भर के हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है और अन्य संभागों के भी हितग्राही विदिशा पहुंच रहे हों। प्रशासन ने भी एक लाख से ज्यादा लोगों के इस कार्यक्रम में शामिल होने की व्यवस्था की है। मप्र के विदिशा जिले में भी विदिशा विधानसभा में इस बड़े आयोजन को विधानसभा चुनाव से जोडक़र देखा जा रहा है, क्योंकि विदिशा शुरू से भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है, लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा की यह परम्परागत सीट कांग्रेस की झोली में चली गई थी। इसके बाद से ही मुख्यमंत्री खुद और भाजपा संगठन भी हर हाल में इस सीट को वापस भाजपा के पक्ष में पाने की कोशिश में हैं। इस आयोजन को इस शृंखला में चुनावी अभियान से पहले की तैयारी माना जा रहा है। यहां से पूरे प्रदेश में भाजपा का संदेश जाएगा।
इस कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 1.10 पर हेलीकॉप्टर द्वारा भोपाल से विदिशा के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1.30 बजे विदिशा एसएटीआई हेलीपेड पर उतरकर कृषि उपज मंडी में आयोजित मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि वितरण और मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए पहुंचेंगे। वे पुराने जिला चिकित्सालय के सामने बनाए गए भाजपा जिला कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। वे शेरपुरा के सीएम हाउस भी जाएंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, हितानंद शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री कृषि उपज मंडी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले में 80 करोड़, 97 लाख से ज्यादा राशि के विकास और निर्माण कार्य का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। प्रशासन ने आयोजन के लिए पूरी तैयारियां की हैं। करीब एक हजार बसों और इतनी ही अन्य वाहनों की पार्किंग, कई सडक़ों का निर्माण, डोम और 30 से ज्यादा एलईडी स्क्रीन सहित पेयजल, भोजन और शौचालय के इंतजाम भी किए हैं।