Thursday, September 25

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए बिना लहसुन-प्याज का भोजन, यह फेवरेट डिश भी बनेगी

भोपाल. राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 15 नवंबर को पहली बार मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रहीं हैं. उनके स्वागत के लिए खास तैयारियां की गई हैं। भोपाल में उनके लिए राजभवन का प्रेसीडेंट सुइट विशेष तौर से तैयार किया गया है। वे यहीं रात्रि विश्राम करेंगीं। इस मौके पर उनके लिए पसंदीदा भोजन भी तैयार किया जा रहा है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ बेटी इतिश्री भी आ रही हैं। राष्ट्रपति के आगमन की सूचना के साथ राजभवन सचिवालय सक्रिय हो गया। राजभवन की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुइट में बिना इजाजत किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सोमवार को अफसरों ने व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।

राष्ट्रपति भवन से संपर्क कर उनकी पसंद और नापसंदगी की जानकारी ली गई। भोजन का मेन्यु पता किया। जैसे राष्ट्रपति सुबह नाश्ते में क्या लेती हैं दोपहर और रात्रि भोजन किस तरह का होता है। सूत्रों का कहना है कि राष्ट्रपति भवन से विशेष तौर से खानसामा रहेगा। यह भोजन इत्यादि इन्हीं की निगरानी में तैयार होगा।

खाने में नहीं होता लहसुन और प्याज
सादगीभरा जीवन जीने वाली राष्ट्रपति सात्विक भोजन करती हैं. इसमें प्याज.लहसुन नहीं होता। उनके सात्विक भोजन का एक हिस्सा है पखाला। यह ओडिशा की पारंपरिक डिश है और उन्हें बहुत पसंद है। इसे लोग आम भाषा में पखाला भात कहते हैं। उनके भोजन में आदिवासी व्यंजन का जायका भी होगा।

राजभवन में होगा नागरिक अभिनंदन
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार मध्यप्रदेश प्रवास पर आ रही द्रौपद्री मुर्मू के ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी है। राजभवन में राष्ट्रपति का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। यहां राष्ट्रपति के सम्मान में रात्रि भोज होगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य जन शामिल होंगे।