Saturday, September 27

गुजरात चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान, सरकार बनी तो किसानों का तीन लाख तक का कर्ज होगा माफ

गुजरात में विधानसभा का चुनाव इसी साल के अंत तक होना है। जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी-अपनी तैयारी में जुटी है। यहां भारतीय जनता पार्टी लंबे समय से सत्ता में है। जबकि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में बीते दो दशक से अधिक समय से है। दिल्ली और पंजाब में सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी को गुजरात में अपने लिए बेहतर विकल्प दिख रहा है। ऐसे में पार्टी यहां लगातार कैंपेनिंग कर रही है। इस बीच कांग्रेस ने आज गुजरात को लेकर एक बड़ी घोषणा की है।

कांग्रेस ने कहा कि अगर गुजरात में सत्ता मिलती है तो किसानों का तीन लाख रुपए तक का लोन माफ किया जाएगा। गुजरात में किसानों की संख्या अच्छी-खासी है। ऐसे में कर्ज माफी का ऐलान कर कांग्रेस किसान वोटरों को अपने पाले में करना चाहती है। कांग्रेस की ओर से तीन लाख रुपए तक के किसानों के लोन को माफ करने की घोषणा आज अहमदाबाद में गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री व गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने एक प्रेस कॉफ्रेंस में की।

भाजपा सरकार पर कांग्रेस के नेताओं ने बोला हमला

इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर हमला भी किया। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि किसानों की परेशानी चरम पर है। उन्हें उनके फसल की उचित कीमत नहीं मिल रही है। हाल ही में गुजरात में फैले पशुओं की बीमारी लंबी पर भी कांग्रेस के नेताओं ने बात की। कहा कि लंबी बीमारी में गुजरात में हजारों पशुओं की मौत हुई। आलम यह था दूर-दूर तक पशुओं के शव फेंके गए।

10 घंटे तक फ्री बिजली देने की भी कांग्रेस ने की घोषणा

अहमदाबाद में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में कांग्रेस के नेताओं ने 10 घंटे तक बिजली फ्री देने की भी घोषणा की। मालूम हो कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल में गुजरात में 300 यूनिट तक बिजली फ्री देने की घोषणा कर चुके हैं।

गुजरात में भारतीय जनता पार्टी लगातार 26 साल से सत्ता में है। गुजरात को पूरे देश में भाजपा के नेता विकास के मॉडल के रूप में प्रोजेक्ट करते है। हालांकि नरेंद्र मोदी के केंद्र की राजनीति में जाने के बाद यहां भाजपा भी प्रमुख चेहरे को तलाश रही है। अब देखना है कि इस बार के चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आप का प्रदर्शन कैसा रहता है।