राष्ट्रपति चुनाव के लिए NDA की ओर से झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। द्रौपदी मूर्मी ओडिशा के भुवनेश्वर के एमसीएल गेस्ट हाउस से दिल्ली पहुंच चुकी हैं। दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अर्जुन राम मेघवाल और डॉ. वीरेंद्र कुमार तथा भाजपा नेता मनोज तिवारी ने मुर्मू का स्वागत किया। 24 जून, शुक्रवार को वो अपना नामांकन भरेंगी। दिल्ली पहुंचने के बाद आज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है।
मुर्मू से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, “श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात हुई। उनके राष्ट्रपति पद के नामांकन को समाज के सभी वर्गों द्वारा पूरे भारत में सराहा गया है। जमीनी समस्याओं के बारे में उनकी समझ और भारत के विकास के लिए विजन बेजोड़ है।”
पीएम मोदी ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू ने समाज की सेवा और गरीबों, वंचितों और शोषितों के सशक्तिकरण में अपना जीवन खपा दिया। उनके पास समृद्ध प्रशासनिक अनुभव है और राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल भी उत्कृष्ट रहा। मुझे विश्वास है कि वह हमारे देश की एक महान राष्ट्रपति साबित होंगी।
बता दें 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होना है और इसके नामांकन की अंतिम तारीख 29 जून है। चुनाव परिणाम की घोषणा 21 जुलाई तक हो जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। मुर्मू के नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित NDA के विभिन्न वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति पद के लिए उनका मुकाबला विपक्ष के साझा प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से होगा।