रायसेन. मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में एक दर्दनाक और हैरान करने देने वाला हादसा हुआ है, खेल-खेल में हुए इस हादसे को जिसने भी देखा उसकी रूह कांप गई, क्योंकि लोहे का सरिया महज 12 साल की लड़की के गर्दन के आर-पार हो गया था, जैसे ही परिजनों ने सरिया में फंसी बालिका को देखा तो उनकी जान हलक में आ गई, काफी मश्क्कत के बाद सरिया काटकर बालिका को उपचार के लिए रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार औबेदुल्लागंज अर्जुन नगर में एक 12 वर्षीय लड़की अजंली पिता गोपाल राय खेल रही थी, बताया जा रहा है कि वह छत पर साइकिल चला रही थी, इस दौरान वह साइकिल चलाते चलाते गिरी, तो वहीं लगा लोहे का सरिया मासूम की गर्दन के आर-पार हो गया, काफी मश्क्कत के बाद छत पर लगा लोहे का सरिया काटकर बेटी को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बमुश्किल छड़ को काटकर अंजली के गले से निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए एम्स भोपाल रेफर किया गया। उसके साथ ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अरविंद चौहान भी एम्स अस्पताल पहुंचे। जहां अंजली का इलाज चल रहा है।
तड़पती रही बच्ची, माता-पिता की जान भी हलक में आई
लड़की के छत पर गिरते ही छत पर निकल रहा सरिया उसके गर्दन के आर-पार हो गया, जिससे वह फंस गई और तड़पने लगी, अपनी बेटी को इस तरह सरिया में फंसा देखकर माता-पिता भी सन्न रह गए, उन्होंने सूझ-बूझ से काम लिया और सरिया को कटवाकर तुरंत अस्पताल लेकर भागे, इतनी देर बालिका तड़पती रही, उसे काफी दर्द हो रहा था, लेकिन उसने हिम्मत से काम लिया, हालांकि इस दौरान उसके माता-पिता काफी दु:खी हो गए थे, उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे। जब तक सरिया लड़की के गले से बाहर नहीं निकला सभी की सांसे फूली रही, डॉक्टर से लेकर परिजन और आसपास के लोग भी परेशान थे। फिलहाल बालिका का उपचार एम्स में चल रहा है।