स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) ने सोमवार को दुनिया भर की प्रमुख सेनाओं की खर्च रिपोर्ट जारी की। जिसमें यह बताया गया है कि विश्व सैन्य खर्च 2021 में 2.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के अब तक के सबसे ज्यादा ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा खर्च करने वाले टॉप 3 देशों में यूएसए, चीन और भारत का नाम शामिल है।
0.7% बढ़ा ग्लोबल मिलिट्री एक्सपेंडिचर
रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल मिलिट्री एक्सपेंडिचर 2021 में 0.7% बढ़कर 2113 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। 2021 में सेना पर सबसे ज्यादा खर्च करने वाले पांच देशों में अमेरिका, चीन, भारत, यूनाइटेड किंगडम और रूस शामिल थे। टोटल एक्सपेंडिचर का 62% हिस्सा अकेले इन 5 देशों ने ही खर्च किया था।
SIPRI के मिलिट्री एक्सपेंडिचर और आर्म्स प्रोडक्शन प्रोग्राम के सीनियर रिसर्चर डॉ. डिएगो लोपेज डा सिल्वा ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद सामने आए आर्थिक गिरावट के बीच भी सैन्य खर्च रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। मुद्रास्फीति के कारण विकास दर में मंदी थी। हालांकि, सैन्य खर्च में 6.1% की बढ़ोतरी हुई।
भारत ने बढ़ाया था रक्षा बजट
भारत का सैन्य खर्च पिछले साल 76.6 बिलियन अमेरिकी डालर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यानी सरकार ने 2020 की तुलना में 0.9% की बढ़ोतरी की है। भारत ने चीन और पाकिस्तान के साथ चल रहे तनाव और सीमा विवादों के बीच अपने सैन्य बजट में भी बढ़ोतरी की है।
भारत का 76.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 5.87 लाख करोड़ रुपए का सैन्य खर्च दुनिया में तीसरे नंबर पर है। यह 2020 से 0.9% और 2012 से 33% ज्यादा है। स्वदेशी हथियार उद्योग को मजबूत करने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए 2021 के सैन्य बजट में 64% बजट निर्धारित किया गया था।
इसलिए अमेरिका टॉप पर बरकरार
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2021 में अमेरिकी सैन्य खर्च 801 बिलियन अमेरिकी डालर तक पहुंच गया, जो 2020 के मुकाबले 1.4% कम है। पिछले 10 सालों में अमेरिका ने मिलिट्री रिसर्च और डेवलपमेंट के लिए 24% बजट बढ़ाया और हथियारों की खरीद पर खर्च में 6.4% की कमी की।
दूसरे स्थान पर चीन है, जिसने डिफेंस पर 293 बिलियन अमेरिकी डालर खर्च किए। जो 2020 की तुलना में 4.7% ज्यादा रहा।
यूक्रेन वाॅर ने बढ़ाया रूस का खर्च
ब्रिटेन ने पिछले साल रक्षा पर 68.4 अरब डॉलर खर्च किए, जो 2020 के मुकाबले 3% ज्यादा रहा है। वहीं यूक्रेन पर दो महीने से हमला कर रहे रूस ने रक्षा खर्च में पांचवी पोजीशन बरकरार रखी है। रूस ने 2021 में अपना सैन्य खर्च 2.9% बढ़ाकर 65.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर कर दिया था। यह वही समय था जब वह यूक्रेनी सीमा पर अपनी सेनाओं को भेज रहा था।
रूस ने युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक सेना पर 20 अरब डॉलर से ज्यादा खर्च कर दिए हैं। यूक्रेन ने 2021 में अपनी सेना पर 5.9 बिलियन डॉलर खर्च किए, जो रूस के बजट के दसवें हिस्से से भी कम है। यूक्रेन ने मार्च में सेना पर करीब 10 अरब डॉलर खर्च किए थे। इसके बाद उसे नाटो और अमेरिका ने खुले हाथों से मदद की। इसलिए यह अंदाजा लगाना फिलहाल संभव नहीं है कि अप्रैल में उसने कितना खर्च किया।