Sunday, September 28

कोरोना देश में LIVE:24 घंटे में 2.51 लाख नए केस, 627 मौतें; देशभर में खोले जा सकते हैं स्कूल, सरकार ले सकती है फैसला

देश में गुरुवार को 2 लाख 51 हजार 627 नए कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 3.4 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 627 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले बुधवार को 2,86,384 लोग संक्रमित मिले थे और 573 लोगों की मौत हुई थी। पिछले दिन के मुकाबले 34,757 कम संक्रमित मिले हैं यानी नए केस में 12% की कमी देखी गई है।

फिलहाल देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 21.05 लाख है। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में करीब 4.06 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।

देश में 13 साल से 17 साल उम्र के बच्चों की वैक्सीनेशन ने रफ्तार पकड़ ली है। इस बीच केंद्र सरकार जल्द ही देशभर में स्कूलों को खोलने के लिए गाइडलाइन जारी कर सकती है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने स्कूल खोलने को लेकर नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप से सुझाव मांगा है। एक्सपर्ट ग्रुप स्कूल खोलने को लेकर मॉडल सुझाएंगे।

देश में कोरोना पर एक नजर
कुल कोरोना केस: 
4,06,22,366
कुल रिकवरी: 3,80,13,481
कुल मौतें: 4,92,324

कोरोना अपडेट्स….

  • ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने भारत बायोटेक को इंट्रानैसल बूस्टर डोज के ट्रायल की अनुमति दी है। डीसीजीए के मुताबिक, बूस्टर डोज का ट्रायल 9 अलग-अलग जगहों पर किए जाएंगे।
  • 8 राज्यों और UT में कोरोना के हालात पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया समीक्षा बैठक करेंगे। शुक्रवार दोपहर 2.30 बजे होने वाली बैठक में ओमिक्रॉन से निपटने को लेकर मेडिकल तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। इन राज्यों और UT में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, लक्षदीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और अंडमान निकोबार शामिल हैं।
  • दिल्ली में जनवरी महीने में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 79% सैंपल ओमिक्रॉन पॉजिटिव पाए गए हैं। दिल्ली सरकार के मुताबिक, 1 से 23 जनवरी तक सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए सैंपल में इसकी पुष्टि हुई है। वहीं, नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल के मुताबिक, देश में जनवरी महीने में सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 75% टेस्ट सैंपल में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है।
  • हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, देश की 95% वयस्क आबादी को वैक्सीन के दोनों डोज लगाए जा चुके हैं। वहीं, 74% आबादी को दोनों डोज लग चुके हैं। अब तक देश में कुल 164.44 करोड़ डोज लगाया जा चुका है। गुरुवार को 49.69 लाख डोज लगाए गए।
  • दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की रिव्यू मीटिंग गुरुवार को हुई, जिसमें राजधानी से वीकेंड कर्फ्यू हटाने का फैसला लिया गया है। DDMA ने 50% क्षमता के साथ थिएटर्स-बार और रेस्टोरेंट्स खोलने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सरकारी ऑफिस भी 50% क्षमता के साथ खुलेंगे। इसके अलावा शादी समारोह में 200 लोग शामिल हो सकेंगे।
  • सबसे ज्यादा संक्रमण वाले शहर मुंबई से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक अस्पताल में भर्ती मरीजों की तादाद घट रही है। इन शहरों में पिछले सात से 15 दिन के ट्रेंड को देखें, तो लगता है कि महामारी की तीसरी लहर का पीक गुजर चुका है।

5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. केरल: 94% टेस्ट सैंपल में ओमिक्रॉन वैरिएंट की पुष्टि

राज्य में गुरुवार को 51,739 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि 42,653 मरीज ठीक हुए हैं और 11 लोगों की मौत हुई। इससे एक दिन पहले बुधवार को 49,771 नए संक्रमित मिले और 63 लोगों की मौत हुई थी। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को नए केस में 1,968 की बढ़ोतरी हुई है।

यहां अब तक कुल 58.26 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 54.63 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,434 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस की संख्या 3,09,489 है। यहां पॉजिटिविटी रेट 44.60% है,इससे एक दिन पहले पॉजिटिविटी रेट 48.06% है।

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने गुरुवार को बताया कि राज्य में कोरोना पॉजिटिव सैंपल की लगातार जीनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है, अब तक टेस्ट किए गए सैंपल में करीब 94% ओमिक्रॉन वैरिएंट और 6% में डेल्टा वैरिएंट की पुष्टि हुई है। वहीं, विदेश से आए 80% पैसेंजर्स में ओमिक्रॉन और 20% में डेल्टा वैरिएंट मिला है।

2. कर्नाटक: एक दिन में 22% घटे नए केस
कर्नाटक में गुरुवार को कोरोना के 38,083 नए मामले मिले हैं। 67,236 मरीजों ने कोरोना को मात दी है, जबकि 49 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इससे पहले बुधवार को कोरोना के 48,905 नए मामले मिले और 39 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी। फिलहाल यहां इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 3.28 लाख है, वहीं पॉजिटिविटी रेट 20.44% है।

3. तमिलनाडु: नए केस की रफ्तार स्थिर
यहां गुरुवार को 28,515 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 28,620 लोग बीमारी से ठीक हो हुए हैं और 53 लोगों की जान गई है। इससे पहले बुधवार को 29,976 नए मामले मिले थे और 47 लोगों की मौत हुई थी। अब तक राज्य में कुल 32.52 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 30.01 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,412 लोगों की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस 2,13,534 और पॉजिटिविटी रेट 19.42% है।

4. महाराष्ट्र: नए केस से ज्यादा ठीक हुए मरीज
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 25,425 नए केस मिले। इस दौरान 42 लोगों की मौत हुई और 36,708 मरीज ठीक हुए। बुधवार को 35,756 नए केस मिले और 79 लोगों की मौत हुई थी। राज्य में अब कुल एक्टिव केस घटकर 2.87 लाख हो गए हैं। राज्य में अब तक कुल 76.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 71.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.42 लाख लोगों की मौत हो गई। पॉजिटिविटी रेट 17.47% है, इससे एक दिन पहले बुधवार को पॉजिटिविटी रेट 19.54% था।

5. आंध्र प्रदेश: पॉजिटिविटी रेट में 5% की बढ़ोतरी
बीते 24 घंटे में यहां 13,474 नए केस सामने आए, जबकि 10,290 लोग ठीक हुए और 9 लोगों की मौत हुई। यहां बुधवार को 13,819 नए केस सामने आए थे और 9 लोगों की मौत हुई थी। अब तक राज्य में 22.36 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21.11 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 14,579 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1,09,493 हैं। पॉजिटिविटी रेट 27.71% से बढ़कर 32.26% हो गया है।

CM जगन मोहन रेड्डी ने गुरुवार को चित्तूर जिले में मेडिकल एंड इंडस्ट्रियल ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। इस प्लांट की कैपिसिटी 220 टन प्रति दिन है।