उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी, तो मैदानी इलाकों में बारिश और शीत लहर से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिन तक मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में घना कोहरा रहेगा। 25 से 27 जनवरी तक इन राज्यों में शीतलहर चलने से ठिठुरन बढ़ेगी।
उत्तराखंड, हिमाचल, कश्मीर में बर्फबारी और 4 दिन तक जारी रह सकती है। दिल्ली में जनवरी की बारिश ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रविवार को 8.8 सेमी बारिश हुई, जो 122 साल में सबसे ज्यादा है।
सात राज्यों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, उसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश: राज्य के ज्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ेगी
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि सोमवार से भोपाल समेत राज्य के ज्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। रविवार को बारिश के कारण दिन फिर ठंडे हो गए हैं। सुबह 8:30 बजे तक भोपाल में 1.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। करीब 20 किमी की रफ्तार से ठंडी हवा चलने से दिन में पारा 5 डिग्री लुढ़ककर 21 डिग्री पर पहुंच गया। प्रदेश के 36 जिलों में मावठा बरसा।
राजस्थान: अब 27 जनवरी तक शीतलहर
राज्य में दो दिन से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को खत्म हो गया। इसके साथ ही माउंट आबू में पारा शून्य पर पहुंच गया। अब प्रदेश में 27 जनवरी तक शीतलहर चलने और घना कोहरा छाने की संभावना है। रविवार को जयपुर में शीतलहर चली, दिन में पारा 16 डिग्री दर्ज हुआ।
दिल्ली: गलन की वजह से लोग ठिठुरते नजर आएंगे
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को कोल्ड डे रहेगा। यानी कड़ाके की सर्दी रहेगी। गलन की वजह से लोग ठिठुरते नजर आएंगे। वहीं, 25 जनवरी से 27 जनवरी तक कहीं मध्यम स्तर का तो किसी इलाके में घना कोहरा पड़ेगा। 28 से 29 जनवरी तक कोहरा लोगों को परेशान करेगा। सोमवार से लेकर बुधवार का दिल्ली का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सप्ताह भर अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
रविवार को जनवरी में सबसे अधिक बारिश का दिल्ली में 122 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से बीते दो दिनों की बारिश ने दिल्ली में नया रिकॉर्ड बना दिया है। रविवार सुबह तक 88.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है जो 1901 के बाद के सालों में जनवरी में सबसे अधिक है। इससे पहले अब तक का सबसे अधिकतम रिकॉर्ड 1989 में 79.3 मिलीमीटर बारिश का है।
पहाड़ी इलाके: बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी
जम्मू-कश्मीर घाटी पर बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। गुलमर्ग, पहलगाम, पीर पंजाल से लेकर त्रिकुटा की पहाड़ियों, पटनीटॉप पर रविवार को भी बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार से मौसम सुधरेगा।
उधर, हिमाचल प्रदेश में सीजन की सबसे भीषण बर्फबारी हुई। शिमला में 20 सेमी हिमपात के साथ पारा माइनस 0.3 डिग्री पर पहुंच गया। कुफ्री में 62 सेमी बर्फ पड़ी। उत्तराखंड में बर्फबारी और 4 दिन तक जारी रह सकती है। भारी बर्फबारी के चलते 4 राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 731 सड़कें बंद हैं।
पंजाब: जनवरी की बारिश ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
पंजाब में जनवरी की बारिश ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। अब तक 23 दिनों में 100 एमएम बारिश हुई है, जबकि एक दिन में 17.5 एमएम बारिश पिछले 24 घंटों के दौरान हुई है। 16 जिलों में 10 से लेकर 37 एमएम तक बारिश हुई। आईएमडी चंडीगढ़ के डायरेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक, ऐसा 1983 के बाद देखने को मिला है जब जनवरी में सबसे ज्यादा बारिश हुई है।
महाराष्ट्र: मुंबई में अगले दो दिन कड़ाके की सर्दी, बारिश हो सकती है
देशभर में जारी ठंड का असर मुंबई में भी दिख रहा है। मुंबई में शनिवार और रविवार को बेमौसम बारिश हुई है और इसकी वजह से यहां तापमान में भारी गिरावट आई है। मुंबई के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री पहुंच गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले एक से दो दिनों तक मुंबई में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। सांताक्रूज मौसम विभाग के मुताबिक, 10 साल बाद मुंबई में इतनी ठंड पड़ी है। रविवार सुबह 8.30 बजे तक मुंबई में (पिछले 24 घंटों के दौरान) अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह सामान्य से 5.8 डिग्री कम था।
मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के बलूचिस्तान से आने वाली धूल भारी आंधी की वजह से मुंबई में लो विजिबिलिटी और ठंड बढ़ी है। यह मौसम अगले एक से दो दिनों तक जारी रहेगा। नासिक, पुणे और औरंगाबाद जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।