Thursday, September 25

कोरोना देश में LIVE:24 घंटे में 2.38 लाख नए केस, 310 मरीजों की मौत; एक्सपर्ट बोले- कोरोना मरीज को स्टेरॉयड देने से बचें डॉक्टर्स

देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के मामले घटे हैं। सोमवार को कोरोना के 2 लाख 38 हजार 18 नए केस मिले हैं। इस दौरान 305 लोगों की मौत हुई और 1 लाख 57 हजार 421 मरीज ठीक भी हुए। देश में फिलहाल एक्टिव केस की कुल संख्या 17 लाख 36 हजार 628 है। इससे पहले रविवार को 2 लाख 58 हजार 89 नए केस दर्ज किए गए थे। रविवार के मुकाबले सोमवार को 20,071 कम मामले आए हैं।

कोरोना के इलाज की नई गाइडलाइन में डॉक्टर्स को सलाह दी गई है कि वे मरीज को स्टेरॉयड्स देने से बचें। इससे ब्लैक फंगस जैसे दूसरे इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। कुछ दिन पहले ही कोविड टास्क फोर्स के चीफ ने दूसरी लहर में ड्रग्स के जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल को लेकर पछतावा जाहिर किया था। नई गाइडलाइन के मुताबिक, अगर स्टेरॉयड्स जैसी ड्रग्स बहुत जल्दी और ज्यादा मात्रा में या फिर काफी लंबे समय तक दी जाती है, तो इससे सेकेंडरी इन्फेक्शन का खतरा बढ़ता है।

देश में कोरोना पर एक नजर
कुल एक्टिव केस:
 17,36,628
कुल संक्रमित : 3,76,16,855
कुल रिकवरी: 3,53,84,922
कुल मौतें: 48,67,57

दिल्ली में लगातार चौथे दिन नए केस में गिरावट
दिल्ली में सोमवार को 12,527 नए कोरोना मामले दर्ज हुए। यह लगातार चौथा दिन है जब डेली केस में गिरावट हुई है। 13 जनवरी को 28,867 नए केस दर्ज हुए थे, 14 जनवरी को 24,343 मामले मिले, 15 जनवरी को 20,718, 16 जनवरी को 18,286 मामले और 17 जनवरी को 12,527 मामले दर्ज किए गए। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 27.99% है। यहां रविवार के मुकाबले एक्टिव केस में 5,837 की गिरावट आई है। रविवार को 89,819 मामले दर्ज हुए थे, जो सोमवार को घटकर 83,982 रह गए।

कोरोना अपडेट्स…

  • हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, राज्यों और UTs को वैक्सीन की 158.16 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है। राज्यों और UTs के पास अभी वैक्सीन की 13.25 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
  • देश में ओमिक्रॉन के अब तक 8,891 संक्रमित मिले हैं। वहीं, कुल 158.04 करोड़ वैक्सीन के डोज लगाए जा चुके हैं।
  • आंध्र प्रदेश के पूर्व CM और तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के नेता एन.चंद्रबाबू नायडू कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
  • पिछले 24 घंटों में मुंबई में 35 पुलिसकर्मी कोविड-19 पॉजिटिव आए हैं, मुंबई पुलिस में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 1,341 है
  • असम में कोरोना वायरस के 6,982 नए मामले सामने आए, 2,281 मरीज़ डिस्चार्ज हुए और 11 लोगों की कोरोना से मौत हुई।
  • जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में कोविड-19 टेस्टिंग की पहली लैब खोली गई है। इससे आम लोगों को काफी फायदा होगा।
  • जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में 2,827 नए मामले सामने आए जिसमें से जम्मू से 1093 और कश्मीर से 1734। जम्मू-कश्मीर में 17,928 एक्टिव केस हैं।
  • IIT कानपुर के प्रोफेसर मनिंदर अग्रवाल ने कहा, दिल्ली में 2 दिन पहले कोरोना पीक पर पहुंच गया है और इस महीने के अंत तक यहां कोरोना खत्म हो जाएगा।

5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र में 10 हजार केस घटे, मुंबई में करीब 2 हजार की कमी

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 31,111 नए मामले सामने आए हैं, जो रविवार के मुकाबले 10,216 कम हैं। सोमवार को 29,092 लोग डिस्चार्ज हुए और 24 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,67,334 हो गए हैं। मुंबई में भी नए केस घटने का सिलसिला जारी है। सोमवार को 5,956 नए केस मिले, जो रविवार से 1,939 कम हैं। हालांकि मेट्रो सिटी में कोरोना संक्रमण शुरू होने के बाद से अब तक मिले मरीजों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। सोमवार को 12 लोगों की मौत हुई है।

2. कर्नाटक में कम हुआ पॉजिटिविटी रेट
राज्य में सोमवार को 27,156 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 7827 लोग ठीक हुए और 14 लोगों की मौत हो गई। कुल 32.47 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.91 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,445 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस की संख्या 2,17,297 है। पॉजिटिविटी रेट कम होकर 12.46% हो गया है।

3. तमिलनाडु में 1.52 लाख एक्टिव केस
24 घंटे के दौरान यहां 23,443 नए मामले सामने आए, जबकि 13,551 मरीज ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 29.63 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.74 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,009 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 1,52,348 हैं। पॉजिटिविटी रेट 16.71% है।

4. केरल में बढ़ रहे कोरोना केस
राज्य में सोमवार को 22,946 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 5280 लोग ठीक हुए और 18 लोगों की मौत हो गई। कुल 54.01 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 52.28 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 50,904 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस की संख्या 1,21,458 है। पॉजिटिविटी रेट 33.08% पर पहुंच गया है।

5. उत्तर प्रदेश में 1.06 लाख एक्टिव केस
उत्तर प्रदेश में सोमवार को 15,622 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 12,402 लोग ठीक हुए और 9 मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 18.49 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 17.20 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,972 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 1,06,616 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।