Thursday, September 25

कोरोना दुनिया में LIVE:24 घंटे में 27 लाख नए केस; अमेरिका में सबसे ज्यादा 8.49 लाख नए संक्रमित मिले

यूरोप और अमेरिका के बाद अब भारत में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ना शुरू हो गए हैं। बीते 24 घंटे में पूरी दुनिया में 26.96 लाख नए कोरोना केस मिले हैं और 6,369 लोगों की मौत हुई है।

शुक्रवार को अमेरिका में एक बार फिर सबसे ज्यादा 8.49 लाख केस मिले हैं। वहीं, फ्रांस में 3.28 लाख, ब्रिटेन में 1.78 लाख, भारत में 1.41 लाख, स्पेन में 1.15 लाख, अर्जेंटीना में 1.10 लाख और इटली में 1.08 लाख कोरोना संक्रमित मिले हैं।

दुनिया में अब तक की स्थिति

  • कुल संक्रमित: 30.37 करोड़
  • ठीक हुए: 25.82 करोड़
  • एक्टिव केस: 4 करोड़
  • कुल मौतें: 54.97 लाख

कोरोना अपडेट्स

  • फिलीपींस में कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए हैं। देश की हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, शुक्रवार को यहां 26,568 नए संक्रमित मिले हैं। पिछली बार यहां रिकार्ड मामले 11 सितंबर को मिले थे। इस दिन यहां 26,303 केस मिले थे।
  • हॉन्गकॉन्ग की नेता कैरी लैम ने 13 सीनियर अफसरों के खिलाफ जांच का आदेश दिया है। ये अफसर एक चीनी नेता के बर्डे पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल हुए 170 गेस्ट में से 2 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
  • फाइजर और बायोएनटेक वैक्सीन की दो डोज बच्चों में गंभीर बीमारी के खिलाफ प्रभावी पाई गई है। अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल(CDC) ने शुक्रवार को बताया कि इनमें से किसी भी वैक्सीन की दो डोज बच्चों में संक्रमण के बाद होने वाले अंग सूजन को रोकने में सक्षम है।

आज की अन्य बड़ी खबरें
अमेरिकी हेल्थ एक्सपर्ट का दावा- भारत में फरवरी में आएगी तीसरी लहर

अमेरिका के एक हेल्थ एक्सपर्ट ने भारत में फरवरी में तीसरी लहर की आशंका जताई है। इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (IHME) के डॉयरेक्टर डॉ. क्रिस्टोफर मरे के मुताबिक, फरवरी में भारत में कोरोना के रोजाना 5 लाख मामले मिलेंगे। हालांकि, डेल्टा की तुलना में ओमिक्रॉन वैरिएंट कम खतरनाक साबित होगा।

दुनिया में 30 करोड़ से ज्यादा कोरोना संक्रमित; इनमें 10 करोड़ पिछले 5 महीने में मिले

दुनियाभर में कोविड पेशेंट्स की संख्या 30 करोड़ के पार हो चुकी है। डेल्टा और ओमिक्रॉन वैरिएंट की वजह से संक्रमण के मामलों में तेजी आई है। महामारी के पहली लहर में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे पेशेंट्स का आंकड़ा 10 करोड़ था। अगले 6 महीने में ये आंकड़ा बढ़कर 20 करोड़ हुआ। वहीं, 10 करोड़ पेशेंट्स की संख्या पहुंचने में महज 5 महीने ही लगे।

अमेरिका, फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया में पेशेंट्स की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। अमेरिका के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एंथोनी फॉसी ने बताया है कि भले ही एक्टिव केस बढ़ रहे हैं, लेकिन अब अमेरिका सहित दुनियाभर में पेशेंट्स के अस्पताल में भर्ती होने की दर में कमी आई है।

ब्रिटेन के मेडिकल अफसरों ने कहा- अभी के लिए वैक्सीन का चौथा डोज जरूरी नहीं

ब्रिटिश स्वास्थ्य अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना की बूस्टर(तीसरी) डोज ओमिक्रॉन के खिलाफ अभी भी प्रभावी है। ये गंभीर बीमारी से जूझ रहे बुजुर्गों को भी सुरक्षा दे रहे हैं। इसलिए ब्रिटेन के लोगों को फिलहाल वैक्सीन के चौथे डोज की जरूरत नहीं है।

अमेरिका में कोरोना की वजह से कर्मचारियों की कमी, इमरजेंसी सर्विसेस में भी स्टाफ की कम
अमेरिका में हर दिन औसतन 7 लाख कोरोना और ओमिक्रॉन के केस मिल रहे हैं। हालात इस कदर खराब हो रहे हैं कि अब देश में सरकारी कर्मचारियों की कमी भी साफ नजर आने लगी है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना और ओमिक्रॉन की वजह से देश में एडमिनिस्ट्रेटिव स्ट्रक्चर कमजोर होने लगा है। पुलिस, फायर ब्रिगेड, बस ड्राइवर्स और दूसरी पब्लिक सर्विस गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।

अब अफसरों के सामने दिक्कत यह है कि वो किस तरह लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाएं। रिपोर्ट में न्यूयॉर्क का उदाहरण दिया गया है। यहां 6300 सबवे ऑपरेटर्स और कंडक्टर्स हैं। इनमें से 1300 कोरोना या ओमिक्रॉन पॉजिटिव हैं। लिहाजा, इसके ऑपरेशन्स में दिक्कत आने लगी है। 22 में से 3 सबवे लाइन्स पर ऑपरेशन बंद कर दिए गए हैं।