Thursday, September 25

कोरोना देश में LIVE:तीसरी लहर में पहली बार 1.17 लाख नए केस मिले, 302 मौतें; कर्नाटक में 19 जनवरी तक वीकेंड कर्फ्यू

कर्नाटक में कोरोना के खतरे को देखते हुए 19 जनवरी तक वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। इसके तहत शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लोगों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान केवल जरूरी सुविधाओं के लिए ही लोग बाहर निकल सकते हैं। यहां गुरुवार को 5,000 से ज्यादा कोरोना संक्रमित मिलने के बाद यह फैसला लिया गया है। 5,031 नए मामलों के साथ एक मौत दर्ज की गई हैं। अकेले बेंगलुरु में ही 4,324 मामले मिले हैं। वहीं, राज्य में पॉजिटिविटी रेट 3.95% दर्ज की गई।

देश में रोजाना के कोरोना मामले 1 लाख पार
देश में कोरोना महामारी की तीसरी लहर में पहली बार संक्रमण का आंकड़ा 1 लाख के आंकड़े को पार कर गया। 24 घंटे में संक्रमण के 1,17,094 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 302 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस में 86,040 की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर को देश में 22,775 नए केस मिले थे। इस लिहाज से देश में एक हफ्ते के भीतर नए मामले करीब 5 गुना हो गए हैं।

वहीं, देश में कुल मामलों की बात करें तो अब तक 3.52 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3.43 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं 4.83 लाख लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 3,65,521 हो गया है।

कोरोना अपडेट्स

  • महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल के घर में 20 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक, मंत्री के आवास पर रहने वाले सभी लोगों के सैंपल टेस्ट किए गए, जिसके बाद संक्रमितों की पुष्टि हुई।
  • बॉलीवुड एक्ट्रेस कुबरा सेठ कोरोना पॉजिटिव पाई गईं हैं। कुबरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। ​​
  • दिल्ली में सभी दुकानें आड-ईवन तरीके से खुलेंगी। इसके लिए दिल्ली सरकार ने सभी जिलों के DM और नगर निगम को 24 घंटे के भीतर दुकानों की नम्बरिंग करने का आदेश दिया है। मार्केट और शापिंग मॉल्स में दुकानों को सुबह 10 से रात 8 बजे के बीच ऑड-ईवन के आधार पर खोलने की अनुमति होगी।
  • दिल्ली में ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए AIIMS की ओपीडी केवल सीमित रोगियों के रजिस्ट्रेशन होगा। सभी स्पेशलिटी क्लीनिक को फिलहाल बंद किया जाएगा। इन्हें बाद में शुरू करने को लेकर बाद में फैसला लिया जाएगा।
  • कर्नाटक में गुरुवार को ओमिक्रॉन के 107 नए संक्रमितों मिले हैं। राज्य के हेल्थ मिनिस्टर डॉ. के. सुधाकर ने बताया कि राज्य अब तक ओमिक्रॉन के कुल 333 केस मिले हैं।
  • देहरादून में पिछले 24 घंटों में 268 नए कोरोना केस दर्ज किए गए। राज्य के हेल्थ डिपार्टमेंट ने के मुताबिक, यहां गुरुवार को पॉजिटिविटी रेट 9.7% दर्ज की गई।
  • संगीतकार विशाल ददलानी शुक्रवार को कोरोना संक्रमित हो गए हैं। विशाल ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए खुद के संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं।
  • दिल्ली के हेल्थ मिनिस्टर सत्येंद्र जैन ने राजधानी में शुक्रवार को कोरोना के 17,000 नए संक्रमित मिलने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि आज यहां पॉजिटिविटी रेट 17% तक पहुंच सकती है।
  • ओडिशा के हेल्थ मिनिस्टर नबा किशोर दास गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। फिलहाल वे होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, ओडिशा के झारसुगुडा जिले में डिस्ट्रिक्ट रूरल डेवलपमेंट एजेंसी (DRDA) के 22 कर्मचारी कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं।
  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में होने वाला विज्ञान मेला रद्द कर दिया गया है। राज्यपाल मंगू भाई पटेल शुक्रवार को इस मेले का उद्घाटन करने वाले थे।
  • पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी राज्य में तेजी से बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए PM मोदी के साथ वर्चुअल मीटिंग करेंगी। ममता ने खुद इस मीटिंग के बारे में जानकारी दी है। वहीं, राज्य में आने-जाने वालों के लिए RT-PCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।
  • कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए बिहार सरकार ने सभी शिक्षण संस्थानों को 21 जनवरी तक बंद रखने का फैसला लिया है। इसमें सभी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान शामिल हैं।
  • हेल्थ मिनिस्ट्री से मिली जानकारी के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वैक्सीन की 154.32 करोड़ से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई गई है। वहीं, प्रदेशों के पास अभी वैक्सीन की 18.14 करोड़ से ज्यादा डोज मौजूद है।
  • महाराष्ट्र के अलग- अलग अस्पतालों में कुल 338 रेजिडेंट डॉक्‍टर कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डाक्‍टर्स के मुताबिक, संक्रमण के ये मामले पिछले 4 दिनों में सामने आए हैं।
  • ओडिशा सरकार ने राज्य में सरकारी कार्यालयों को कर्मचारियों की 50% कैपिसिटी के साथ चलाने का फैसला लिया है। ये आदेश फिलहाल 7 से 31 जनवरी तक लागू रहेगा।
  • राजस्थान के CM अशोक गहलोत कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट करके इस बात की जानकारी दी। गहलोत के बेटे वैभव पहले ही संक्रमित हो चुके हैं।
  • तीन दिन में चंडीगढ़ PGI के 196 डॉक्टर, हेल्थ वर्कर और अन्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव। इनमें 87 डॉक्टर और 109 दूसरे स्टाफ मेंबर।
  • ओडिशा में 50 साल की महिला की मौत के बाद उसमें ओमिक्रॉन संक्रमण का पता चला है। बोलनगीर जिले की महिला की मौत 27 दिसंबर को हुई थी। जांच रिपोर्ट में ओमिक्रॉन की पुष्टि उसकी मौत के 9 दिन बाद 5 जनवरी को हुई।
  • केंद्र सरकार ने गुरुवार को बताया कि अब देश में 19,000 मीट्रिक टन की रोज की मांग को पूरा किया जा सकता है। पिछले साल कोरोना की दूसरी लहर के बाद से मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति में काफी इजाफा हुआ है। 2020 में पहली लहर के दौरान ऑक्सीजन की अधिकतम मांग की करीब 3,000 मीट्रिक पहुंच गई थी। वहीं, दूसरी लहर के डेल्टा संक्रमण के दौरान यह मांग 9,000 मीट्रिक टन से अधिक हो गई थी ।
  • सूरत में 151 छात्रों सहित 1193 नए मरीज, अब तक 452 बच्चे संक्रमित
    गुजरात में शहर और ग्रामीण इलाकों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। शहर में 1105 और ग्रामीण इलाकों में कोरोना के 88 नए मामले सामने आए हैं। ग्रामीण इलाकों में 488 छात्रों का टेस्ट किया गया, जिसमें 57 छात्र पॉजिटिव पाए गए। वहीं शहर में 94 छात्र संक्रमित मिले हैं। दोनों को मिलाकर सूरत में गुरुवार को 151 छात्र फिलहाल कुल 1193 मरीज पॉजिटिव पाए गए