प्रदेश में ग्वालियर समेत अधिकतर जिलों में बारिश हुई है। गुना और दतिया में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। ग्वालियर में दोपहर तक बारिश होती रही। भोपाल समेत कई जगहों पर बादल छाए हुए हैं। इंदौर में बूंदाबांदी हुई है। दोनों जगहों पर शाम को बारिश हो सकती है। बारिश के कारण प्रदेश में दिन और रात के तापमान काफी बढ़ गए हैं। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा है। ठंड से तो राहत मिल गई है, लेकिन पाकिस्तान से आ रही नमी भरी हवाओं के कारण प्रदेश में बारिश हो रही है।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में बने सिस्टम के कारण ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर में अभी बारिश हो रही है। भोपाल-इंदौर में आज शाम से बारिश की संभावना है। जबलपुर में कल से पानी गिर सकता है। तीनों संभागों में ओले की संभावना नहीं है।
आज विदिशा और रायसेन में ओले
अगले चौबीस घंटों के दौरान विदिशा और रायसेन में बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। भोपाल-इंदौर और जबलपुर संभाग अभी बादल छाए हुए हैं। इनमें भी अगले चौबीस घंटों में बारिश हो सकती है। प्रदेश के मध्य हिस्से होशंगाबाद, सागर के साथ भोपाल, इंदौर और जबलपुर के कुछ संभागों में सिस्टम सक्रिय होगा।
यह सिस्टम बन रहा
वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि पाकिस्तान से आई नमी हवाओं का असर अभी 8 तक रहेगा। इसके साथ ही नया सिस्टम आ रहा है। यह आज से सक्रिय होगा। यह 4 से 5 दिन सक्रिय रहेगा। 8 जनवरी से इसी सिस्टम के कारण बारिश का होगी। यह 11 से 12 तक प्रदेश के कई इलाकों में पानी गिराएगा।
दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी
प्रदेश में बादल छाने के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा चला गया है। भोपाल और इंदौर में रात के तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना हुआ है। इसी तरह दिन में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से तीन डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा है।
24 घंटों के दौरान अधिकतर जिलों में बारिश हुई
गुना के कुम्भराज में डेढ़ इंच, राघौगढ़, आरोन, मंदसौर के गरोठ, अशोक नगर के आंवरी में 1-1 इंच, सुवासरा, शामगढ़, भानपुरा, मल्हारगढ़, संजीत, धुंधड़का, सीतामऊ, कयामपुर, सिटी, अशोकनगर सिटी, ईसागढ़, चंदेरी, मुंगावली, शिवपुरी के पिछोर, बदरवास, करैरा, कोलारस, खनियाधाना, नरवर, पिपरसमा, सिटी, नीमच सिटी, मनासा, जावद, मरूखेड़ा, मुरैना के अंबाह, सिटी, पोरसा, जौरा, कैलारस, सबलगढ़, श्योपुर के विजयपुर, बड़ौदा, सिटी, वीरपुर, रतलाम, दतिया, विदिशा, आगर, भिंड, राजगढ़, ग्वालियर, उज्जैन, निवाड़ी, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, रीवा और खजुराहो में बारिश हुई है।