Thursday, September 25

भारत Vs साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट LIVE:बारिश के चलते आज के खेल में देरी, टीम इंडिया जीत से 8 विकेट दूर; अफ्रीका को चाहिए 122 रन

जोहान्सबर्ग में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच जारी दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल अभी तक बारिश के चलते शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण पहले सत्र का खेल भी पूरी तरह से धूल चूका है। टीम इंडिया ने सा. अफ्रीका के सामने 240 रनों का टारगेट रखा है, जिसके जवाब में SA का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 118 रन है। कप्तान डीन एल्गर (46) और रैसी वान डेर डूसेन (11) नाबाद पर है। अफ्रीका को जीतने के लिए 122 रन बनाने हैं। वहीं, टीम इंडिया को 8 विकेट की दरकार है।

पूरे दिन बारिश का अनुमान
जोहान्सबर्ग में आज पूरे दिन बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, वहां आज पूरे दिन 70% बारिश हो सकती है। वहीं, तापमान 22-14 डिग्री तक रहेगा। अगर हवा की बात करें तो वो 22-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी।

रोमांचक मोड़ पर है टेस्ट मैच
टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच जोहान्सबर्ग टेस्ट अब रोमांचक मोड़ पर आ पहुंचा है। आज चौथे दिन का खेल होना है। मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने 2 विकेट गंवाकर 118 रन बना लिए हैं। एक तरफ जहां अफ्रीकी टीम को दो दिन में 122 रन बनाने हैं। वहीं, टीम इंडिया को जीत के लिए 8 विकेट की जरूरत है। बता दें कि टीम इंडिया इस मैदान पर आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है।

सारा दारोमदार भारतीय गेंदबाजों पर
आज टीम इंडिया के गेंदबाज शुरू से ही अफ्रीकी बल्लेबाजों पर हावी होने की कोशिश करेंगे। भारतीय टीम को जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और शार्दूल ठाकुर से बहुत उम्मीदें होंगी। स्पिन डिपार्टमेंट रविचंद्रन अश्विन के हाथों में होगा। वो 2006 के बाद जोहान्सबर्ग में विकेट लेने वाले पहले स्पिनर भी बने हैं।

टीम इंडिया की जीत के बीच खड़े हुए कप्तान डीन एल्गर
जोहान्सबर्ग टेस्ट के तीसरे दिन कप्तान डीन एल्गर 46 रन बनाकर खेल रहे थे। भारतीय गेंदबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती इस खिलाड़ी को जल्दी आउट करने की होगी। अगर एल्गर को जल्दी आउट नहीं किया गया तो वो अफ्रीकी टीम को मैच जिता भी सकते हैं।

तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी रही फ्लॉप
जोहान्सबर्ग टेस्ट के तीसरे दिन की शुरुआत भारत के लिए बढ़िया रही थी। चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने लगभग 75 मिनट बैटिंग कर टीम इंडिया को मैच में बनाए रखा, लेकिन इसके बाद 29 रन बनाने में भारत ने चार विकेट खो दिए। इसके बाद हनुमा विहारी ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम इंडिया को 266 रनों तक पहुंचाया। शार्दूल ठाकुर ने 28 और रविचंद्रन अश्विन ने 16 रन बनाए।