Monday, September 29

कोरोना देश में LIVE:गुजरात के जामनगर में ओमिक्रॉन का केस मिला, दक्षिण अफ्रीका से लौटा था शख्स; भारत में अब कुल 3 मामले

 

गुजरात में ओमिक्रॉन का पहला मामला जामनगर में सामने आया है। दक्षिण अफ्रीका का 72 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट के साथ जामनगर आया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपल पुणे लैब में भेजे गए हैं, जो ओमिक्रॉन का एक संदिग्ध मामला है।

अपडेट्स…

दक्षिण अफ्रीका से चंडीगढ़ लौटी महिला के खिलाफ FIR
पंजाब के चंडीगढ़ में दक्षिण अफ्रीका से लौटी एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज हुई है। इस महिला पर होम क्वारैंटाइन नियमों का पालन नहीं करने आरोप है। मालूम हो कि कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट को लेकर दक्षिण अफ्रीका हाई-रिस्क पर है। चंडीगढ़ के हेल्थ सेक्रेटरी और नोडल ऑफिसर यशपाल गर्ग ने बताया कि महिला 1 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका से लौटी। इसका RT-PCR टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। प्रोटोकॉल के मुताबिक, उसे 7 दिन तक होम क्वारैंटाइन रहना था लेकिन 2 दिसंबर को ही वह एक होटल में चली गई।

सूरत में एक ही परिवार के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव, तीनों की ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं
गुजरात में सूरत के रांदेर की श्रीनाथ सोसाइटी में एक दंपती और उनके बेटे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। तीनों संक्रमितों की कोई ट्वैवल हिस्ट्री नहीं है। दंपती वैक्सीन की दोनों डोज भी ले चुके हैं। अब इस सोसाइटी को क्लस्टर घोषित कर दिया गया है। प्रशासन इसे लेकर अलर्ट हो गया है। सोसाइटी में कोरोना टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है।

मुंबई में BMC ने होम क्वारैंटाइन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक हर दिन सुबह एयरपोर्ट CEO 24 घंटे में रिस्क और हाई रिस्क कंट्री से आने वाले लोगों की डिटेल्स डिजास्टर मैनेजमेंट को भेजेगा। डिजास्टर मैनेजमेंट उस लिस्ट को वार्ड ऑफिसर और कोविड वॉर रूम को भेजेंगे। कोविड वॉर रूम दिन में 5 बार पैसेंजर की हेल्थ की जानकारी लेंगे। वार्ड ऑफिसर सोसायटी के सेक्रेटरी को होम क्वारैंटाइन वाले व्यक्ति को लेकर नोटिस जारी करेंगे और उनके घर विजिटर जाने की मनाही करेंगे। डॉक्टर्स की टीम हर दिन चेकअप करने जाएगी।

मध्य प्रदेश में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। 24 घंटे में 18 नए पॉजिटिव मिले हैं। लगातार दूसरे दिन सबसे ज्यादा 8 कोरोना केस भोपाल में सामने आए हैं। इंदौर में 6, ग्वालियर और जबलपुर में 2-2 संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 142 हो गई है। ग्वालियर में मिले संक्रमितों में से एक 48 साल का सेना का जवान है। पेट दर्द होने पर जांच कराने पर पॉजिटिव पाया गया। दूसरा 35 साल का युवक है। वह विशाखापट्टनम की ऑयल कंपनी में जॉब करता है। 20 दिन पहले ही ग्वालियर लौटा है। उसने भी पेट दर्द होने पर जांच कराई थी।

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक ही परिवार के 6 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर 15 दिन पहले राजनांदगांव लौटे हैं। उज्जैन से जाने के बाद सभी लोग बीमार हो गए। उज्जैन में इनकी जांच हुई थी। शुक्रवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राजनांदगांव प्रशासन ने सभी को वहां आइसोलेट कर दिया है। संक्रमितों में दो बच्चे भी हैं।

बेंगलुरु से एक ओमिक्रॉन संक्रमित ‘लापता
कर्नाटक में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 2 लोगों में से एक व्यक्ति लापता है। राज्य सरकार ने बताया कि एक निजी लैब से कोविड निगेवटिव सर्टिफिकेट मिलने के बाद से वह शख्स लापता है। प्रशासन उन 10 और लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहा है जो हवाईअड्डे से लापता हो गए थे।

कर्नाटक के राजस्व मंत्री आर अशोक ने ओमिक्रॉन पर शुक्रवार को टॉप अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि लापता लोगों का जल्द पता लगाया जाना चाहिए। वहीं, बेंगलुरु महानगरपालिका के कमिश्नर गौरव गुप्ता ने बताया कि सभी लापता विदेशी नागरिक दक्षिण अफ्रीकी देशों से आए हैं। फिलहाल इनके फोन बंद हैं। इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जो पता बताया, उस पर भी ये नहीं मिले हैं।

देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले
देश में बीते 24 घंटे में 8,603 नए कोरोना केस मिले और 415 लोगों की मौत हुई। इस दौरान 8,190 लोग महामारी को मात देकर रिकवर हुए। फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 99,974 है। देश में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 1.26 अरब लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।

मैनपुरी के सैनिक स्कूल में 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव

UP के मैनपुरी में सैनिक स्कूल के 5 बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन बच्चों को स्कूल में ही क्वारैंटाइन कर दिया गया है। इनके परिजनों को खबर दे दी गई है। 5 बच्चों के संक्रमित मिलने के बाद सभी 85 बच्चों की एंटीजन जांच कराई गई, बाकी सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई। संक्रमित मिले बच्चों में तीन आगरा, एक मैनपुरी और एक चंदौली का रहने वाला है। हालांकि, इनमें किसी में भी लक्षण नजर नहीं आए हैं। स्वास्थ्य विभाग इन बच्चों की ट्रैवल हिस्ट्री चेक कर रहा है।

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हुई
महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के संदिग्ध मामलों की संख्या 30 हो गई है। शुक्रवार को 2,821 यात्री हाई-रिस्क देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर उतरे। RT-PCR टेस्ट में 2 लोगों के सैंपल पॉजिटिव मिले हैं। 11,060 यात्री अन्य देशों से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे, जिनमें से 224 का कोरोना टेस्ट हुआ। इनमें से एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 30 सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।

MP में नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा

मध्य प्रदेश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए IAS सर्विस मीट को स्थगित कर दिया गया है। यह मीटिंग भोपाल में 17 से 19 दिसंबर के बीच होनी थी। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करने वाले थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष और अपर मुख्य सचिव आईपीसी केसरी ने बताया कि कोरोना के नए वैरिएंट के फैलने की आशंका को ध्यान में रख कर मीटिंग को स्थगित किया गया। केसरी ने आयोजन को टालने की सलाह दी थी।

बेंगलुरु में डॉक्टर्स की कॉन्फ्रेंस में शामिल हुआ ओमिक्रॉन संक्रमित डॉक्टर
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 19-21 नवंबर के बीच हुई इंटरनेशनल मेडिकल कॉन्फ्रेंस ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल, वन स्टार होटल में हुई इस कॉन्फ्रेंस में शामिल तीन डॉक्टर्स कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से एक व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित है। उन्होंने 20 नवंबर को कुछ घंटे के लिए कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया था। इसके अगले ही दिन उनमें संक्रमण के लक्षण दिखने लगे। ऐसे में इस बैठक में शामिल दूसरे लोगों के भी संक्रमित होने की आशंका है।

एट रिस्क देशों से आने वाले 16 हजार यात्रियों में 18 कोरोना पॉजिटिव
एट रिस्क देशों से आने वाले अब तक 58 फ्लाइट्स के 16000 यात्रियों का RT-PCR टेस्ट किया गया है। इनमें 18 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनकी रिपोर्ट जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजी गई है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को लोकसभा में इसकी जानकारी दी। जिन 11 देशों को एट रिस्क कैटेगरी में रखा गया है उनमें यूनाइटेड किंगडम, दक्षिण अफ्रीका, ब्राजील, बोत्सवाना, चीन, जिम्बाब्वे, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, हांगकांग, सिंगापुर और इजराइल शामिल हैं।