
शहर में बारिश के बाद लगभग हर गली मोहल्ले और मुख्य सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई है। इन गड्ढों की वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं। गड्ढों को भरने, शासन-प्रशासन को जगाने और उन्हें सद्बुद्धि देने युवक कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विवेक ठाकुर ने अपने साथियों के साथ पितृपक्ष में अनोखा पिंडदान किया।
ठाकुर ने विधि-विधान से पिंडदान करते हुए सड़क के गड्ढों को भरने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि विदिशा जिला मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृह जिला है। इसी रोड से उनका भी आना-जाना है। मंत्रियों, अधिकारियों का भी इस मुख्य सड़क पर आना-जाना होता है। उनका आरोप है कि सड़क को भरने के लिए और गड्ढों को दुरुस्त करने के लिए शासन-प्रशासन की तरफ से प्रयास नहीं किया गया। आमजनता की परेशानी दूर करने सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए आयोजन किया गया।