
मध्यप्रदेश में वैक्सीनेशन का 4.0 अभियान सोमवार को आयोजित होगा। ‘अब कोई न छूटे’ की तर्ज पर वैक्सीनेशन महाभियान 4.0 की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के मानस उद्यान से की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘अब कोई ना छूटे’ इस संकल्प के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में कल की स्थिति में छह करोड़ 11 लाख 23 हजार 864 नागरिकों को डोज वैक्सीन के लगाए जा चुके हैं।
प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा सेंटर पर पात्रों को टीका लगाया जाएगा। प्रदेश में 78 लाख लोगों को पहला डोज लगना बाकी है। भोपाल में महाभियान में 620 टीम को वैक्सीनेशन के लिए 70 हजार डोज उपलब्ध कराए गए।
78 लाख लोगों को पहला डोज लगना बाकी
प्रदेश में अब तक कोरोना से बचाव के लिए कुल 6 करोड़ 11 लाख 8 हजार 433 डोज लगे हैं। इसमें पहला डोज 4 करोड़ 70 हजार 72 हजार 705 लोगों को लगा है। वहीं, दूसरा डोज 1 करोड़ 40 लाख 35 हजार 728 लोगों को लगा है। प्रदेश में कुल पात्र अनुमानित आबादी 5 करोड़ 49 लाख है। इसके अनुसार अभी भी करीब 78 लाख लोगों को पहला डोज लगना बाकी है।
ऐसे पूरा होगा पहले डोज का लक्ष्य
सरकार ने सितंबर माह में सभी पात्र लोगों को पहला डोज और दिसंबर 2021 तक दोनों डोज लगाने का लक्ष्य तय किया है। अब पहला डोज का लक्ष्य पूरा करने के लिए बाकी 4 दिनों में प्रत्येक दिन 19.56 लाख लोगों को वैक्सीन लगाना होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इंदौर, भोपाल, आगर-मालवा और हरदा जिले में वैक्सीन का पहला डोज का 100% का लक्ष्य पूरा हो गया है।
भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि भोपाल में महा वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए लगातार नागरिकों से अपील की जा रही है। ‘अब कोई न छूटे’ अभियान के लिए भोपाल में 620 दलों का गठन किया गया है। सभी SDM को 20-20 टीमें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगम के 170, बैरसिया में 80, गांधीनगर को 50 , सामान्य सेशन 80 और अन्य जगहों पर वैक्सीनेशन की टीम उपलब्ध रहेंगी। इसके अतिरिक्त कहीं भी 100 से अधिक नागरिक होने पर विशेष टीम जाकर टीका लगाएगी।