
देश में कोरोना मामलों में सोमवार को आई गिरावट के बाद एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को 35,197 केस आए, जबकि एक दिन पहले 24,692 मरीज मिले थे। इसके साथ ही 24 घंटे में 37,136 संक्रमित ठीक हुए और 440 की मौत हो गई। इससे एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2,398 की कमी आई है। यह चौथा दिन था जब इसमें गिरावट दर्ज की गई। अब 3.61 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 35,197
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 37,136
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 440
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.22 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.14 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.32 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.61 लाख
अपडेट
- केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को 48 अस्पतालों में चाइल्ड केयर यूनिट (CCU) और इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तीन महीने में ही इनकी 60% सुविधाएं पूरी हो जानी चाहिए।
- मुंबई में 130 दिन के लंबे इंतजार के बाद 15 अगस्त को मॉल खोले गए थे, लेकिन दो दिन बाद ही (17 अगस्त) फिर बंद कर दिए गए। दरअसल, महाराष्ट्र सरकार के सर्कुलर में कहा गया कि मॉल और उसके आउटलेट्स के सभी कर्मचारियों के लिए वैक्सीन का दूसरा डोज लेना जरूरी है। इस शर्त को पूरा नहीं कर सकने की स्थिति में मंगलवार दोपहर से करीब सभी मॉल्स बंद हो गए।
8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
23 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियों के साथ छूट भी है। इनमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।