Wednesday, September 24

कोरोना देश में:1.95 लाख नए केस आए, यह बीते 42 दिन में सबसे कम; 3496 लोगों की जान गई, 3.26 लाख ठीक भी हुए

देश में कोरोना की दूसरी लहर कमजोर पड़ती जा रही है। सोमवार को 1 लाख 95 हजार 685 लोगों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा पिछले 42 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 13 अप्रैल को 1 लाख 85 हजार 306 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।

हालांकि, मौत का आंकड़ा सरकार और लोगों के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। देश में सोमवार को 3,496 लोगों की कोरोना की वजह से जान गंवानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 3 लाख 26 हजार 671 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 34 हजार 572 की कमी रिकॉर्ड की गई।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.95 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.26 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,496
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.69 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.40 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 3.07 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 25.81 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 21.89 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास अभी 1.77 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन उपलब्ध है।
  • हेल्थ मिनिस्ट्री ने बताया कि भारत में बीते दिन 40 दिनों के बाद कोरोना वायरस के 2 लाख से कम नए मामले दर्ज किए गए। इससे पहले 14 अप्रैल को 1.99 लाख कोरोना के केस आए थे। रोजाना पॉजिटिविटी रेट अब 9.54% है।
  • महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि हमने उन 18 जिलों के मरीजों के लिए होम आइसोलेशन रोकने का फैसला किया है, जहां पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है। इन जिलों के मरीजों को क्वारैंटाइन सेंटर जाना होगा, होम आइसोलेशन की अनुमति नहीं होगी।
  • उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि 1 जून से 18-44 साल के लोगों का वैक्सीनेशन सभी 75 जिलों में शुरू होने जा रहा है। इसमें सभी अभिभावकों को जिनके बच्चे 12 साल से छोटी उम्र के हैं यानी तीसरी लहर की आशंका को ध्यान में रखकर उन अभिभावकों को पहले से वैक्सीन दे देना जिससे वे संक्रमित न होने पाएं।