
देश में बीते दिन 2 लाख 54 हजार 288 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह आंकड़ा पिछले 35 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 16 अप्रैल को 2.34 लाख संक्रमितों की पहचान हुई थी। राहत की बात है कि इस दौरान 3 लाख 52 हजार 944 लोग ठीक भी हुए। हालांकि, रोज हो रहीं मौतों का आंकड़ा फिर 4 हजार के पार पहुंच गया। देश में शुक्रवार को 4,142 लोगों ने इस महामारी से जान गंवाई।
एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 4 हजार 868 की गिरावट दर्ज की गई। देश में फिलहाल 29 लाख 20 हजार 21 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बीते 24 दिनों में पहली बार एक्टिव केसों का आंकड़ा 30 लाख के नीचे आया है। इससे पहले 27 अप्रैल को 29.72 लाख एक्टिव केस थे।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.54 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.52 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,142
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.62 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.30 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.95 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 29.20 लाख
19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- कर्नाटक में कोरोना के केस कम न होने से परेशान येदियुरप्पा सरकार ने प्रदेश में 7 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। पहले 24 मई तक सख्त पाबंदियों के आदेश दिए गए थे। राज्य में हर रोज 30 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए सरकार ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है।
- कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गोवा में कर्फ्यू 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा, ‘कर्फ्यू के दौरान जरूरी वस्तुओं और किराना सामान की दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुली रहेंगी। दवा की दुकानों को कर्फ्यू से छूट मिलेगी। इससे पहले गोवा में 23 मई तक सख्त कर्फ्यू लगा हुआ था।