
देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच एक अच्छी खबर है। संक्रमण से ठीक होने वालों का आंकड़ा डेढ़ करोड़ के पार हो गया है। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 78 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 2.70 लाख लोग रिकवर हुए हैं। अब तक एक दिन में ठीक हुए मरीजों का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले मंगलवार को 2.62 लोग रिकवर हुए थे। ओवरऑल रिकवरी रेट में भी 1.8% की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। ये अब 82.08% हो गया है।
चिंता की खबर : एक दिन में 3.79 लाख मरीज मिले, 3646 मौतें भी हुईं
चिंता की बात ये है कि बुधवार को 3 लाख 79 हजार 164 नए मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक एक दिन में मिले नए मरीजों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 27 अप्रैल को सबसे ज्यादा 3.62 लाख मरीजों की पहचान हुई थी। इसके अलावा 24 घंटे के अंदर 3,646 संक्रमितों की मौत भी हो गई। ये लगातार दूसरा दिन था, जब तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इससे पहले मंगलवार को 3,286 मौतें रिकॉर्ड की गई थीं।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.79 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौत: 3,646
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.70 लाख
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 1.83 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 1.50 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 2.04 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 30.77 लाख
कोरोना अपडेट्स
- इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ के जस्टिस वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव (59) का बुधवार को निधन हो गया। वे कोरोना संक्रमण से जूझ रहे थे।
- पश्चिम बंगाल में TMC के पूर्व विधायक गौरी शंकर दत्ता का कोरोना से निधन हो गया है। हाल ही में वे ममता बनर्जी का साथ छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
- सितार वादक पद्मभूषण पंउित देबू चौधरी का ऑक्सीजन लेवल कम होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। उन्हें दिल्ली की सीआर पार्क पुलिस ने ऑक्सीजन मुहैया करवाई।
- पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने कोरोना संक्रमण के चलते अपने सभी अंतरिम आदेश जून तक बढ़ा दिए हैं।
- रेल मंत्रालय ने देशभर में 4 हजार आइसोलेशन कोच तैनात किए हैं। इनमें उन मरीजों को रखा जाएगा जो गंभीर नहीं हैं।
- उत्तर प्रदेश में कोरोना के संक्रमण ने भाजपा के एक और विधायक की जान ले ली। बरेली की नवाबगंज सीट से विधायक केसर सिंह गंगवार का बुधवार को निधन हो गया।
- बिहार में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में धारा 144 लगाने का आदेश दिया है। इस दौरान शाम 4 बजे तक ही दुकानें खुली रहेंगी।