Wednesday, September 24

महाराष्ट्र में लॉकडाउन:आज रात 8 बजे से 1 मई तक कड़ी पाबंदियां; शादियों में 25 लोगों को इजाजत, सरकारी दफ्तरों में 15% कर्मचारी ही आएंगे

महाराष्ट्र में कोरोना से हालात बेकाबू हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य में पाबंदियों को बढ़ा दिया है। यह पाबंंदियां देश में लगे पहले लॉकडाउन के बराबर ही है। महाराष्ट्र में गुरुवार रात आठ बजे से एक मई तक यह पाबंंदियां लगी रहेंगी।

‘ब्रेक द चेन’ नाम से जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, सभी सरकारी दफ्तर केवल 15 प्रतिशत कर्मचारियों की मौजूदगी के साथ चलेंगे। कोविड-19 मैनेजमेंट वाली संस्थाओं को इस मामले में छूट रहेगी।

महाराष्ट्र सरकार की नई गाइडलाइन

  • सरकारी ऑफिस में सिर्फ 15 % कर्मचारी ही रह सकते हैं। पहले ये संख्या 50 प्रतिशत थी।
  • शादी में सिर्फ 25 लोग शामिल हो सकते हैं और शादी समारोह सिर्फ दो घंटे का होगा।
  • इस नियम को तोड़ने वाले को 50 हजार रुपए का जुर्माना देना होगा।
  • सरकारी बस 50 प्रतिशत की कैपेसिटी पर चलेगी।
  • खड़े रहकर सफर करने पर रोक लगा दी गई है।
  • महाराष्ट्र में अब बिना वैलिड रीजन के एक जिले से दूसरे जिले में यात्रा करने पर कार्रवाई होगी।
  • यात्रा करने के लिए लोकल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (LDA) से अनुमति लेनी होगी।
  • लोकल ट्रेन से यात्रा करने के लिए भी जरूरत बतानी होगी।
  • लोकल ट्रेन में अत्यावश्यक सेवा से जुड़े लोग या मेडिकल इमरजेंसी में उसके डॉक्यूमेंट दिखाकर ही मिलेगा टिकट।

राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना से 568 लोगों की मौत हुई है, जबकि 67,468 नए मरीज मिले। राज्य में एक दिन में मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।

राज्य में कड़ी पाबंदी के बाद, यानी 15 अप्रैल से संक्रमण के मामलों में कोई कमी नहीं देखने की मिली है। सोमवार के आंकड़े को छोड़ दें तो उससे पहले लगातार चार दिनों से आंकड़े 60 हजार को पार कर रहे थे। सोमवार को कम संख्या आने के पीछे बड़ी वजह रविवार को हुई कम टेस्टिंग थी।

5 दिन में से 4 दिन में मिले 60 हजार से ज्यादा मरीज

तारीखकोरोना केस
16 अप्रैल63,729
17 अप्रैल67,123
18 अप्रैल68,631
19 अप्रैल58,924
20 अप्रैल62,097

मुंबई में सिर्फ 0.03% डेथ रेट BMC कमिश्नर IS चहल ने कहा कि मुंबई में 87% एसिम्प्टोमेटिक मरीज हैं। साथ ही डेथ रेट भी कम है। मुंबई में दूसरी लहर को आए 70 दिन हो गए, इस दौरान महानगर में कोरोना डेथ रेट सिर्फ 0.03% रही है, जो कि बड़ी राहत की बात है। उन्होंने बताया कि मुंबई में कोरोना की दूसरी लहर के बावजूद महानगर पालिका प्रशासन और डॉक्टरों ने लोगों की जान बचाई।

मुंबई में 11 फरवरी 2021 से सेकंड वेव शुरू हुई। मुंबई में तब 11,400 कोरोना मरीजों की मौत हुई थी, लेकिन 19 अप्रैल 2021 तक मृतकों की संख्या 12,347 हो गई। इस तरह कोरोना की सेकंड वेव के 70 दिनों में 953 मरीजों की मौत हुई। मुंबई में पिछले 70 दिनों में 13.6 कोरोना पॉजिटिव मरीज की रोजाना मौत हुई और मृत्युदर 0.03% रही। जबकि इन दिनों में पॉजिटिव पेशेंट की संख्या 2.66 लाख बढ़ी।

सरकार ने बुधवार को रामनवमी को लेकर नई गाइडलाइन जारी की

  • घर में रहकर भजन-कीर्तन करें, जुलूस नहीं निकालें।
  • राज्य में धारा 144 लगी है, इसलिए एक साथ पांच से ज्यादा लोग बाहर जमा न हों।
  • मंदिर प्रबंधक केबल नेटवर्क, वेबसाइट या फेसबुक के जरिए दर्शन की सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं।
  • 25 अप्रैल को महावीर जयंती के लिए भी यही निर्देश है।

10वीं की परीक्षा रद्द, 12वीं पर फैसला जल्द
कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या पर लगाम लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने पाबंदियां और बढ़ा दी हैं। राज्य में जरूरी सामान की दुकानें अब सुबह 7 से 11 बजे तक केवल चार घंटे खुली रहेंगी। महामारी के बढ़ते असर को देखते हुए स्टेट बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि 12वीं की परीक्षाओं के बारे में सरकार अगले महीने फैसला करेगी। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने बताया, ‘विद्यार्थियों का मूल्यांकन कर उन्हें नंबर दिए जाएंगे। IIT-JEE और NEET परीक्षा का टाइम टेबल देखकर 12वीं की परीक्षा के बारे में फैसला किया जाएगा।’

मुंबई में बनेगा 2 हजार बेड का नया हॉस्पिटल
संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मुंबई के मलाड में MMRDA 2000 बेड का जंबो हॉस्पिटल बनाने जा रहा है। इस ओपन हॉस्पिटल में ICU के 200 बेड होंगे। MMRDA इससे पहले BKC में कोरोना मरीजों के लिए दो जंबो अस्पताल तैयार कर चुका है। इस अस्पताल में एक्सरे, ECG, पल्स ऑक्सिमीटर, कंप्यूटर समेत लैब की व्यवस्था रहेगी। पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के अनुसार, मलाड में 2000 बेड के अस्पताल के बन जाने से कोरोना मरीजों की बेड की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

फर्जी कोरोना रिपोर्ट बनाने वाले हुए गिरफ्तार
बाहर से आने-जाने वालों के लिए कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट जरूरी करने के बाद कई गिरोह फर्जी रिपोर्ट बनाने का काम कर रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-10 की टीम ने ऐसे ही एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। DCP अकबर पठान ने बताया कि उनकी टीम ने इस केस में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीनियर इंस्पेक्टर किरण लोंढे को सूचना मिली थी कि विलाल फारूख शेख और राशिद शेख जोगेश्वरी में मोबाइल के जरिए फर्जी निगेटिव रिपोर्ट बनाकर लोगों को भेज रहे हैं और इसके बदले गूगल पे से पेमेंट ले रहे हैं।

महाराष्ट्र की जेलों में बंद 197 कैदी कोरोना संक्रमित

राज्य में 19 अप्रैल तक कुल 197 कैदी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 7 कैदियों की मौत भी हो चुकी है, जबकि 94 से ज़्यादा जेल कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 8 जेल स्टाफ की कोरोना के चलते मौत हो चुकी है। पुणे की यरवडा जेल में सबसे ज़्यादा 36 कोरोना पॉजिटिव कैदी हैं, जबकि 14 जेल स्टाफ पॉजिटिव हैं। मुंबई से सटे कल्याण आधारवाड़ी जेल में 31 कैदी और 1 जेल स्टाफ कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोल्हापुर जेल में भी 28 कैदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।

महाराष्ट्र के तीन शहरों का हाल

मुंबई: मंगलवार को 7 हजार 214 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी दौरान यहां 9 हजार 641 लोक कोरोनामुक्त हुए। दिन भर में 35 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। मुंबई में अब तक 4 लाख 96 हजार 263 लोग पूरी तरह से कोरोनामुक्त हो चुके हैं। इस तरह रिकवरी रेट फिलहाल 84% है। संक्रमण दोगुना होने की अवधि 47 दिन की हो गई है। मुंबई में फिलहाल 83 हजार 934 सक्रिय संक्रमित रोगियों का इलाज जारी है।

पुणे : शहर (मनपा क्षेत्र) में मंगलवार को 5 हजार 138 नए केस सामने आए। इस तरह कुल पॉजिटिव केस की संख्या अब तक 3 लाख 76 हजार 962 तक पहुंच गई है। मंगलवार को कोरोना से 55 लोगों की मौत भी हो गई। इस तरह पुणे में कोरोना से अब तक 6 हजार 218 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच 6 हजार 802 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिससे उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। इस तरह अब तक 3 लाख 17 हजार 767 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।

नागपुर: मंगलवार को 91 लोगों की मौत हो गई और 6890 नए केस सामने आए। वहीं ठीक होने वाले लोगों की संख्या 5504 रही। मंगलवार कुल 26 हजार 80 लोगों की कोरोना टेस्टिंग हुई।