
देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार हर दिन तेज होती जा रही है। बीते 24 घंटे में 25,154 नए मरीज मिले हैं। 16,519 संक्रमित ठीक हुए हैं, जबकि 159 की मौत हुई है। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 8,477 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब एक्टिव केस का कुल आंकड़ा 2 लाख के पार पहुंचकर 2 लाख 7 हजार 499 हो गया है। यह 11 फरवरी को 1 लाख 33 हजार 79 पर पहुंचा था। 17 सितंबर को आए कोरोना पीक (10.17 लाख) के बाद यह सबसे कम था।
पंजाब में आंगनबाड़ी केंद्र अगले आदेश तक बंद
पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने कोरोना के मामले फिर बढ़ने से सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान राशन व अन्य सामान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायक घर-घर पहुंचाएंगे। वहीं, पंजाब के 8 जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। पटियाला, लुधियाना, जालंधर, नवांशहर, होशियारपुर और कपूरथला जिले में रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू लगाया जा चुका है।
स्कूल बंद, परीक्षाएं चलती रहेंगी
पंजाब में प्री-नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। शिक्षामंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों और आने वाली वार्षिक परीक्षा के मद्देजनर स्कूल बंद करने का फैसला किया गया है। विद्यार्थियों की परीक्षाएं चलती रहेंगी। स्कूलों में अध्यापक आते रहेंगे। परीक्षाएं ऑफलाइन ली जाएंगी।
देश में अब तक 1.13 करोड़ संक्रमित
देश में अब तक 1.13 करोड़ लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.09 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.58 लाख की मौत हुई है, जबकि 2.07 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
कोरोना अपडेट्स
- मध्यप्रदेश में भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार या सोमवार से भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मीटिंग के दौरान यह बात कही।
- हिमाचल प्रदेश में वैक्सीन का दूसरा डोज लेने के 27 दिन बाद एक महिला डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि डॉक्टर सोलन टाउन के रीजनल हॉस्पिटल में तैनात हैं।
- बहुजन समाज पार्टी की चीफ मायावती ने शनिवार को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में कोरोना की वैक्सीन लगवाई। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र और राज्य सरकार से अपील करती हूं कि गरीबों को मुफ्त में कोरोना का टीका लगाया जाए।
- महाराष्ट्र के औरंगाबाद में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। बाकी दिनों में रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। जलगांव में 15 मार्च तक कर्फ्यू लगाया गया है। इनके अलावा नासिक में आंशिक लॉकडाउन और नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है।
- DGCA ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नया सर्कुलर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि हवाई यात्रा के दौरान गाइडलाइन का पालन नहीं करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। चेहरे से मास्क उतारने वालों को फ्लाइट से उतारा भी जा सकता है।