
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 8 नई ट्रेनों की शुरुआत की। ये ट्रेनें देश के अलग-अलग इलाकों से गुजरात के केवडिया के लिए शुरू की गई हैं, ताकि स्टेच्यू ऑफ यूनिटी देखने के लिए केवडिया जाने वाले लोगों को सुविधा हो।
गुजरात के अलावा देश के 6 राज्यों- दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु से केवडिया के लिए सीधी कनेक्टिविटी हो गई है। मोदी ने कहा कि रेलवे के इतिहास में पहली बार एक डेस्टिनेशन के लिए अलग-अलग जगहों से इतनी ट्रेनें एक साथ शुरू की गई हैं।
ये 8 ट्रेनें शुरू की गईं
ट्रेन | कहां से कहां तक | रवाना/पहुंचेगी | कितने दिन चलेगी |
वाराणसी-केवडिया एक्सप्रेस | वाराणसी से केवडिया | सुबह 11.12 बजे/अगली दोपहर 2.57 बजे | हर रविवार |
दादर-केवडिया एक्सप्रेस | दादर से केवडिया | सुबह 11.12बजे/शाम 6.42 बजे | हर रविवार |
अहमदाबाद-केवडिया जनशताब्दी | अहमदाबाद से केवडिया | सुबह 7.55/सुबह 10.40 बजे | हर दिन |
निजामुद्दीन-केवडिया | निजामुद्दीन (दिल्ली) से केवडिया | सुबह 11.12 बजे/रात 1.07 बजे | हर रविवार |
रीवा-केवडिया एक्सप्रेस | रीवा से केवडिया | सुबह 11.12 बजे/अगली सुबह 9.25 बजे | हर रविवार |
चेन्नई-केवडिया एक्सप्रेस | चेन्नई से केवडिया | सुबह 11.12 बजे/अगली शाम 6.10 बजे | हर रविवार |
प्रतापनगर-केवडिया मेमू | प्रतापनगर से केवडिया | दोपहर 3.35 बजे/शाम 5 बजे | हर दिन |
केवडिया-प्रतापनगर मेमू | केवडिया से प्रतापनगर | रात 9.55 बजे/रात 11.20 बजे | हर दिन |
(इनमें से किसी ट्रेन का ओरिजिन या डेस्टिनेशन राजस्थान का कोई शहर नहीं, लेकिन हजरत निजामुद्दीन-केवडिया एक्सप्रेस राजस्थान के कोटा से होकर गुजरेगी। वहां 10 मिनट का स्टॉप रहेगा।)
3 स्टेशनों की नई बिल्डिंग का उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने 8 ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के साथ ही दाभोई-चंदोड ब्रॉडगेज लाइन, चंदोड-केवडिया न्यू ब्रॉडगेज लाइन, प्रतापनगर-केवडिया सेक्शन और दाभोई, चंदोड, केवडिया स्टेशन की नई बिल्डिंग की शुरुआत भी की। केवडिया देश का पहला रेलवे स्टेशन है, जिसे ग्रीन बिल्डिंग सर्टिफिकेशन दिया गया है।
इन प्रोजेक्ट्स को शुरू करने का मकसद इलाके में टूरिज्म बढ़ाना है। रेल मंत्रालय के मुताबिक अहमदाबाद-केवडिया जनशताब्दी एक्सप्रेस में विस्टा डोम टूरिस्ट कोच लगाए गए हैं। इनमें पैंसेजर बाहर का पैनोरमिक व्यू देख पाएंगे।