Wednesday, September 24

MP का मौसम:भोपाल और इंदौर में हवा में सबसे ज्यादा नमी होने से लगातार कोहरा छा रहा; प्रदेश में कल भी कई जगह कोहरा रहेगा

धूप निकलने के बाद प्रदेश में ठंड बढ़ेगी

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में हवा में लगातार नमी होने के कारण सबसे ज्यादा कोहरा छा रहा है। बीते पांच दिन से भोपाल में कोहरा छाया हुआ है। इसके कारण दिन के तापमान और रात के तापमान में महज 5 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रह गया है। भोपाल में रात का न्यूनतम तापमान 17.5 रिकॉर्ड किया गया, जबकि रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

भोपाल में 97% और इंदौर में 98% नमी होने के कारण कोहरे के साथ ही दिन और रात के तापमान में इसका असर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार कल भी प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा रहेगा। हालांकि धूप निकलने के बाद ही ठंड का असर बढ़ेगा। इसके 14 जनवरी से जोर पकड़ने के आसार बढ़ रहे हैं।

धूप नहीं निकलने से रात का पारा अधिक रहा

मौसम विभाग ने रविवार दोपहर बाद अच्छी धूप निकलने की उम्मीद जताई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी कारण प्रदेश भर में दिन और रात के तापमान में इसका प्रभाव रहा। जहां दिन का तापमान कम रहा, वहीं रात को यह सामान्य से 9 डिग्री तक अधिक पहुंच गया।

सिर्फ ग्वालियर और नौगांव में रही ठंड

प्रदेश में बादल छाने से रात के तापमान में उछाल रहा, लेकिन सिर्फ ग्वालियर और नौगांव ही सबसे ठंडे रहे। यहां रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे आ गया। ग्वालियर में यह 9 डिग्री सेल्सियस और नौगांव में 9.4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। इसके अलावा सभी जगह 10 डिग्री से ज्यादा ही रहा। सबसे ज्यादा रात का पारा शाजापुर में 18.3 और होशंगाबाद में 18.1 रिकॉर्ड किया गया।

यहां रहा कोहरे का जोर

शहरदृश्यता मीटर में
शाजापुर200-500
दमोह200-500
इंदौर200-500
भोपाल500-1000
गुना500-1000
उज्जैन500-1000
खजुराहो500-1000

सबसे ज्यादा नमी वाले इलाके

शहरनमी % में
इंदौर98
भोपाल97
उज्जैन96
सागर95
गुना94