
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 18 हजार 94 नए मरीज मिले। 20 हजार 532 ठीक हो गए और 233 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 2688 की कमी आई। अब कुल 2.22 लाख मरीज ही ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
16 राज्यों में लगभग 98% मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल, सिक्किम और उत्तराखंड में यह दर देशभर में ठीक हुए मरीजों की दर (96.4%) से कम है। देश में अब तक 1.04 करोड़ लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 36 हजार मरीज ठीक हो चुके हैं। 1.50 लाख की मौत हो चुकी है।
संक्रमण काबू करने के लिए केंद्र ने 4 राज्यों को चिट्ठी लिखी
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने महाराष्ट्र, केरल, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने इन राज्यों से अपने यहां कोरोना के मामलों पर काबू पाने के लिए कदम उठाने के लिए कहा है। इन राज्यों में हाल के दिनों में नए मामलों की संख्या में स्थायी गिरावट नहीं दिख रही है।
देश के कुल एक्टिव केस में से 59% यहीं हैं। इनमें सबसे ज्यादा केरल में लगभग 28.61% मामले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 22.79%, छत्तीसगढ़ में 3.99% और पश्चिम बंगाल में 3.89% केस हैं। इन राज्यों को सख्त निगरानी रखने और बढ़ते मामलों की जांच के लिए कदम उठाने की सलाह दी गई है।
वैक्सीन सप्लाई का ब्लू प्रिंट
- कोरोना वैक्सीन का ट्रांसपोर्टेशन एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। केंद्र ने राज्यों से इसके लिए जल्द से जल्द तैयारी पूरी करने को कहा है। वैक्सीन का ट्रांसपोर्टेशन निजी विमानों के साथ ही वायुसेना के एयरक्राफ्ट सुपर हरक्यूलिस C-130Js और एंटोनोव AN-32s से किया जाएगा।
- आंध्र, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और बंगाल में वैक्सीन की सप्लाई होगी।
- अंडमान-निकोबार, अरुणाचल, चंडीगढ़, दादरा एवं नगर हवेली, दमन-दीव, गोवा, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्षद्वीप, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पुड्डुचेरी, सिक्किम, त्रिपुरा और उत्तराखंड को सरकारी डिपो से वैक्सीन मिलेगी।
- अधिकारियों ने बताया कि सप्लायर वैक्सीन को ऐसे कंटेनर में रखकर देने के इंतजाम कर रहे हैं, जिससे ट्रांसपोर्टेशन के दौरान वैक्सीन 24 घंटे तक सुरक्षित रखी जा सके। हालांकि, ज्यादातर ट्रांसपोर्टेशन कमर्शियल एयरलाइंस से ही किया जाएगा।
- वायुसेना के विमानों का इस्तेमाल अरुणाचल और लद्दाख जैसे रिमोट एयरफील्ड (जहां बाकी विमान नहीं पहुंच सकते) में किया जाएगा।
कोरोना अपडेट्स
- आज 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वैक्सीन का ड्राई रन किया जाएगा।
- केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्र की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से अपनी जांच कराने और आइसोलेट होने को कहा है।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से UK की फ्लाइट्स पर 31 जनवरी तक रोक लगाने की अपील की है।