Wednesday, September 24

कोरोना देश में:बीते 24 घंटे में 2.59 लाख संक्रमितों की पहचान हुई, 3.57 लाख ठीक हुए; नए मरीजों का आंकड़ा 34 दिन में सबसे कम

देश में कोरोना संक्रमण का ग्राफ और नीचे आ गया है। बीते 24 घंटे में 2.59 लाख मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 3.57 लाख मरीज ठीक हुए हैं। हालांकि, महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा फिर एक बार 4 हजार के पार चला गया। गुरुवार को 4,208 मरीजों ने दम तोड़ दिया। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1.02 लाख की कमी आई।

गुरुवार को कोरोना के नए केस का आंकड़ा 34 दिन में सबसे कम रहा। इससे पहले 16 अप्रैल को 2.34 लाख नए केस आए थे। सबसे बड़ी राहत है कि 8 दिन से नए केस के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा ज्यादा बना हुआ है। इससे एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। कोरोना की दूसरी लहर में सबसे ज्यादा 37.41 लाख एक्टिव केस 9 मई को थे। 11 दिन में यह घटकर 30.22 लाख रह गए हैं।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.56 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.52 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,146
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.60 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 2.27 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.91 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 30.24 लाख

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

अपडेट्स

  • कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए गोवा में कर्फ्यू 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा, ‘कर्फ्यू के दौरान जरूरी वस्तुओं और किराना सामान की दुकानें सुबह 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक खुली रहेंगी। दवा की दुकानों को कर्फ्यू से छूट मिलेगी। इससे पहले गोवा में 23 मई तक सख्त कर्फ्यू लगा हुआ था।
  • मशहूर पर्यावरणविद और चिपको आंदोलन के नेता सुंदरलाल बहुगुणा का कोरोना से 94 साल की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। उन्हें 8 मई को एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया था। वे डायबिटीज के मरीज थे। कोरोना के साथ उन्हें निमोनिया भी हो गया था। बहुगुणा का जन्म 9 जनवरी, 1927 को उत्तराखंड के टिहरी में हुआ था।