
देश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 15 हजार 903 नए मरीजों की पहचान हुई। इनमें से 10 हजार 616 मरीज सिर्फ पांच राज्यों केरल, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और तमिलनाडु में पाए गए। सबसे ज्यादा 5507 पॉजिटिव रिपोर्ट केरल में आईं। यह लगातार तीसरा दिन था, जब नए मरीजों की संख्या 17 हजार से कम रही। इससे पहले 9 जनवरी को 18 हजार 453 मरीज मिले थे।
मंगलवार को 17 हजार 747 मरीज ठीक हुए और 200 की मौत हो गई। देश में अब तक 1 करोड़ 4 लाख 93 हजार 758 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 1 लाख 25 हजार 425 लोग ठीक भी हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 51 हजार 525 हो गई है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
जल्द देश को 4 और वैक्सीन मिल सकती है
देश में वैक्सीनेशन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को केंद्र ने वीकली रिपोर्ट पेश की। इसमें बताया कि देश में कोवीशील्ड और कोवैक्सिन के अलावा चार और वैक्सीन पर तेजी से काम हो रहा है। सभी अलग-अलग ट्रायल स्टेज में हैं। इसमें जायडस कैडिला की वैक्सीन और रूस की वैक्सीन स्पूतनिक- V तीसरे फेज की ट्रायल में है। इनके अलावा बायोलॉजिकल-E और पुणे की जेनोवा कंपनी ने पहले फेज की ट्रायल शुरू की है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि ये वैक्सीन भारत में ही बनाई जा रही हैं। आने वाले कुछ महीनों में इनमें से सभी या कुछ को इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूवल मिल सकता है।
कोवैक्सिन की कीमत 206 रुपए होगी
- फाइजर और बायोएनटेक की वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1431 रुपए है।
- मॉडर्ना की वैक्सीन की एक खुराक की संभावित कीमत 2348 से 2715 रुपए तक रहेगी।
- सिनोफार्म कंपनी की वैक्सीन की एक खुराक 5650 रुपए से अधिक की होगी।
- सिनवैक बायोटेक की वैक्सीन की एक खुराक की कीमत 1027 रुपए है।
- भारत में बनी कोवीशील्ड वैक्सीन की कीमत 200 रुपए प्रति खुराक रखी गई है।
- कोवैक्सिन की एक खुराक की कीमत 206 रुपए पड़ रही है।