विदिशा |शांता स्मृति फ्रैक्चर हाॅस्पिटल शेरपुरा के संचालक डा.पीयूष सक्सेना को सिविल लाइंस थाना पुलिस विदिशा ने भोपाल के शाहजहांनाबाद क्षेत्र में एक चाय-नाश्ते की दुकान से गिरफ्तार कर लिया है। 3 पुलिस अधिकारियों की टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के लिए पुलिस ने डॉक्टर को 24 घंटे के लिए रिमांड पर लिया है। इस दौरान उससे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जाएगी। बुधवार को दोपहर उसे पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने 17 नवंबर को उसके खिलाफ एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, पास्को एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद से ही डॉक्टर विदिशा से फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। फरार डॉक्टर को गिरफ्तार करने अथवा सरेंडर कराने के लिए पुलिस डा.पीयूष सक्सेना के बैंक खाते सीज करवा चुकी थी। इसके अलावा उसका पासपोर्ट भी निरस्त कर दिया गया था। थाना टीआई निरंजन शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सुबह करीब 9 बजे जब पुलिस टीम ने डॉक्टर को गिरफ्तार किया तो उस समय उसके पास मोबाइल सेट मौजूद नहीं था। इस मामले में पुलिस पूछताछ में डॉक्टर ने बताया है कि उसका मोबाइल कहीं गिर गया है। उसके पास मोबाइल नहीं है।